Xiaomi के इस स्मार्टफोन में लगी आग, धमाके से खुली नींद

शाओमी के एक स्मार्टफोन में एक बार फिर से आग लगने की खबर है। MIUI फोरम में एक यूजर ने रिपोर्ट की है उसके शाओमी एमआई ए1 स्मार्टफोन में चार्जिंग के दौरान आग लग गई और उसके बाद एक धमाका हुआ जिससे उसकी नींद खुली। बता दें कि एमआई ए1 शाओमी का पहला एंड्रॉयड वन स्मार्टफोन है।
बताया जा रहा है कि जिस एमआई ए1 में धमाका हुआ है वह 8 महीने पुराना है और उसमें किसी प्रकार की कोई दिक्कत नहीं थी और ना ही फोन में कभी गर्म होने की समस्या आई थी, हालांकि फोरम से अब इस रिपोर्ट को हटा लिया गया है।

रिपोर्ट में एक यूजर ने लिखा है , 'फोन में कोई दिक्कत नहीं थी, वह अच्छे से काम कर रहा था। मेरा दोस्त फोन को चार्ज में लगाकर सो गया था। अचानक से रात में एक धमाके से उसकी नींद खुली लेकिन वह उसे नजरअंदाज करते हुए फिर से सो गया। वहीं जब सुबह नींद खुली तो उसका एमआई ए1 फोन जला हुआ पड़ा था।'
पोस्ट में यह भी सलाह दी गई है कि एमआई ए1 यूजर फोन को पास में रखकर चार्जिंग में ना लगाएं। हालांकि शाओमी ने अभी तक इस मामले पर कुछ नहीं कहा है। बता दें कि शाओमी एमआई ए1 को पिछले साल अगस्त में लांच किया गया था। यह फोन सिर्फ 4 जीबी रैम और 64 जीबी स्टोरेज वेरियंट में उपलब्ध था।