Xiaomi ने लॉन्च किया खास पावरबैंक, ठंड में सेंक सकेंगे हाथ

शाओमी अब केवल टेक्नोलॉजी कंपनी नहीं रह गई है। Xiaomi को यदि आप लाइफस्टाइल ब्रांड भी कहेंगे तो वह बुरा नहीं मानेगी। शाओमी ने जूते से लेकर बैग और टी-शर्ट तक बाजार में पेश कर दिया है। अब Xiaomi ने एक ऐसा पावरबैंक लॉन्च किया है जिससे सर्दी में आप अपने हाथ भी गर्म कर सकते हैं। शाओमी के इस नए पावरबैंक का नाम ZMI Hand Warmer Power Bank है।
नाम से ही जाहिर है कि यह पावरबैंक हाथ सेंकने के भी काम आएगा। ZMI Hand Warmer पावरबैंक में 5000mAh की बैटरी है जिसे लेकर दावा है कि एपल के पांच वॉट वाले चार्जर के मुकाबले यह पावरबैंक iPhone 12 को तेजी से चार्ज करेगा।
यह पावरबैंक PTC टाइप टेंपरेचर हीटिंग टेक्नोलॉजी से लैस है। हाथ सेंकने के लिए यह पावरबैंक 52 डिग्री सेल्सियस तक गर्म होता है। ZMI Hand Warmer पावरबैंक की कीमत 89 चीनी युआन यानी करीब 1,000 रुपये है। इससे आप करीब दो घंटे तक हाथ सेंक सकते हैं।
दावा है कि यह पावरबैंक 54 मिनट में आईफोन 12 को फुल चार्ज कर सकता है। इस पावरबैंक से आप ब्लूटूथ हेडफोन, स्मार्ट बैंड और स्मार्टवॉच भी चार्ज कर सकेंगे। इसमें एक एलईडी टॉर्च भी है, भारत में इस अनोखे पावरबैंक की लॉन्चिंग को लेकर कोई खबर नहीं है।