Xiaomi ने लॉन्च की अपनी पहली स्मार्टवॉच, मिलेगा डुअल सिम का सपोर्ट

चीन की स्मार्टफोन निर्माता कंपनी Xiaomi ने अपनी पहली स्मार्टवॉच को पेश कर दिया है। शाओमी के स्मार्टवॉच की लॉन्चिंग Mi CC9 Pro और एमआई टीवी 5 सीरीज के साथ बीजिंग में हुई। शाओमी की स्मार्टवॉच काफी हद तक एपल वॉच की तरह ही है। एम वॉच 44mm डायल और एल्यूमिनियम एलॉय फ्रेम के साथ आएगी। इसकी डिस्प्ले पर गोरिल्ला ग्लास 3 का प्रोटेक्शन भी मिलेगा।
शाओमी के मुताबिक एमआई वॉच की कीमत 1,299 चीनी युआन यानी करीब 13,000 रुपये होगी। वहीं इसके प्रीमियम वेरियंट की कीमत 1,999 युआन यानी करीब 20,000 रुपये होगी। इसकी बिक्री चीन में 11 नवंबर से होगी। चीन से बाहर इसकी लॉन्चिंग को लेकर फिलहाल कोई जानकारी नहीं है।
इसमें 1.78 इंच की एमोलेड डिस्प्ले मिलेगी। इसके अलावा इसमें क्वॉलकॉम का स्नैपड्रैगन वियर 3100 प्रोसेसर मिलेगा। कनेक्टिविटी के लिए इसमें डुअल सिम सपोर्ट मिलेगा जो कि ई-सिम के जरिए काम करेगा। ई-सिम के अलावा इसमें वाई-फाई, ब्लूटूथ और एनएफसी का भी सपोर्ट मिलेगा। इसमें 570mAh की बैटरी मिलेगी जिसके बैकअप को लेकर कंपनी ने 36 घंटे का दावा किया है।
एमआई वॉच के सॉफ्टवेयर की बात करें तो इसमें MIUI ही दिया गया है। इस वॉच में वॉच फेस एप डाउनलोड करने का भी विकल्प मिलेगा। इसके अलावा इसमें डार्क मोड भी मिलेगा। इस वॉच के जरिए आप स्मार्ट होम डिवाइस भी कंट्रोल कर सकते हैं। इसमें कई सारे स्पोर्ट्स मोड भी दिए गए हैं। इसमें 1 जीबी रैम के साथ 8 जीबी की स्टोरेज मिलेगी।