GST की मार, Xiaomi के स्मार्टफोन भी हुए 18 फीसदी तक महंगे

ओप्पो के बाद चीन की एक और स्मार्टफोन निर्माता कंपनी शाओमी (Xiaomi) ने एमआई और रेडमी सीरीज के सभी डिवाइस की कीमत बढ़ाने का एलान किया है। इन दोनों सीरीज के स्मार्टफोन इसलिए मंहगे हुए हैं, क्योंकि मोबाइल पर लगने वाली जीएसटी दर में बढ़ोतरी हुई है। आपको बता दें कि भारत सरकार ने कुछ दिनों पहले ही फोन पर लगने वाली जीएसटी को 12 फीसदी से बढ़ाकर 18 फीसदी कर दिया था। शाओमी के स्मार्टफोन की बढ़ी हुई कीमतें जल्द ही कंपनी की साइट पर अपडेट हो जाएंगी।
शाओमी के सीईओ मनु कुमार जैन ने स्मार्टफोन की बढ़ी हुई कीमत को लेकर कहा है कि कंपनी हार्डवेयर्स पर 5 फीसदी से कम प्रॉफिट मार्जिन पर काम कर रही है। ऐसे में हमारे पास फोन की कीमत बढ़ाने के अलावा कोई और रास्ता नहीं है। साथ ही फोन की बढ़ती कीमत के पीछे जीएसटी और अमेरिकी डॉलर के मुकाबले भारतीय रुपये की कमजोर स्थिति को भी एक कारण माना गया है।
बता दें कि शाओमी इंडिया के मैनेजिंग डायरेक्टर मनु कुमार जैन ने भी सरकार को कोरोना वायरस से लड़ने के लिए 15 करोड़ रुपये देने का एलान किया है। इसके अलावा कंपनी ने 10 करोड़ रुपये प्रधानमंत्री राहत कोष में दी है। शाओमी ने कहा है कि वह विभिन्न राज्यों के अस्पतालों में लाखों फेस मास्क और प्रोटेक्टिव सूट्स देगी। शाओमी ने 20,000 परिवारों को हाइजिन किट्स उपलब्ध कराने के लिए एक करोड़ रुपये इकट्ठा करने के लिए mi.com पर गिव इंडिया कैंपेन शुरू किया है।