Vivo V21 5G भारत में हुआ लॉन्च, 44 मेगापिक्सल सेल्फी कैमरे से है लैस
Vivo V21 5G के 8 जीबी रैम के साथ 128 जीबी स्टोरेज की कीमत 29,990 रुपये और 8 जीबी रैम के साथ 256 जीबी स्टोरेज की कीमत 32,990 रुपये है।

विस्तार
वीवो इंडिया ने वी सीरीज के नए स्मार्टफोन Vivo V21 5G को भारत में लॉन्च कर दिया है। Vivo V21 5G में 44 मेगापिक्सल का सेल्फी कैमरा दिया गया है जिसके साथ ऑप्टिकल इमेज स्टेबलाइजेशन का सपोर्ट है। Vivo V21 5G में मीडियाटेक Dimensity 800U प्रोसेसर है। बता दें कि Vivo V21 5G पिछले साल लॉन्च हुए Vivo V20 का अपग्रेडेड वर्जन है। Vivo V21 5G में डुअल एलईडी फ्लैश लाइट भी दी गई है।
Vivo V21 5G की कीमत
Vivo V21 5G के 8 जीबी रैम के साथ 128 जीबी स्टोरेज की कीमत 29,990 रुपये और 8 जीबी रैम के साथ 256 जीबी स्टोरेज की कीमत 32,990 रुपये है। फोन को आर्कटिक व्हाइट, डस्क ब्लू और सनसेट डेजल कलर में खरीदा जा सकेगा। फोन की प्री-बुकिंग आज यानी 29 अप्रैल से शुरू हो गई है और बिक्री 6 मई से फ्लिपकार्ट और वीवो के ऑनलाइन स्टोर से होगी। लॉन्चिंग ऑफर के तहत Vivo V21 5G के साथ HDFC बैंक के कार्ड पर 2,000 रुपये का कैशबैक मिल रहा है।
Vivo V21 5G की स्पेसिफिकेशन
Vivo V21 5G में एंड्रॉयड 11 आधारित Funtouch OS 11.1 है। इसके अलावा इसमें 6.44 इंच की फुल एचडी प्लस एमोलेड डिस्प्ले है जिसका रिजॉल्यूशन 1080x2404 पिक्सल है। डिस्प्ले का रिफ्रेश रेट 90Hz है। फोन में मीडियाटेक Dimensity 800U प्रोसेसर दिया गया है। फोन में 8 जीबी रैम और 256 जीबी की स्टोरेज है। फोन के साथ 3 जीबी वर्चुअल रैम भी है।
Vivo V21 5G का कैमरा
वीवो ने अपने इस फोन में ट्रिपल रियर कैमरा सेटअप दिया है जिसमें प्राइमरी लेंस 64 मेगापिक्सल का है जिसका अपर्चर f/1.79 है। दूसरा लेंस 8 मेगापिक्सल का वाइड एंगल है और तीसरा लेंस 2 मेगापिक्सल का मैक्रो है। रियर कैमरे सके साथ एलईडी फ्लैश लाइट और ऑप्टिकल इमेज स्टेबलाइजेशन का सपोर्ट है। सेल्फी के लिए इसमें 44 मेगापिक्सल का कैमरा है जिसका अपर्चर f/2.0 है। फ्रंट कैमरे के साथ डुअल फ्लैश लाइट है।
Vivo V21 5G की बैटरी
कनेक्टिविटी के लिए इस फोन में 5G, 4G LTE, Wi-Fi, ब्लूटूथ v5.1, GPS/A-GPS और USB Type-C पोर्ट है। इसमें इन-डिस्प्ले फिंगरप्रिंट सेंसर भी दिया गया है। फोन में 4000mAh की बैटरी है जो कि 33W की फ्लैश चार्ज फास्ट चार्जिंग को सपोर्ट करती है।