20 फरवरी को भारत में लॉन्च होगा Vivo V15 Pro, मिलेगा 32MP का फ्रंट कैमरा

चाइनीज स्मार्टफोन निर्माता कंपनी Vivo ने आधिकारिक तौर पर अपने नए स्मार्टफोन वीवो V15 Pro का वीडियो टीजर जारी कर दिया है। वीवो वी15 प्रो दुनिया का पहला स्मार्टफोन होगा जिसमें 32 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा होगा। साथ ही सेल्फी कैमरा पॉप अप स्टाइल में होगा यानि फ्रंट कैमरा आपको नजर नहीं आएगा। इसके अलावा वीडियो देखकर लग रहा है कि वीवो वी15 प्रो में तीन रियर कैमरे मिलेंगे। बता दें कि यह फोन 20 फरवरी को भारत में लॉन्च होगा।
Vivo V15 Pro की स्पेसिफिकेशन
वैसे तो कंपनी ने अभी तक इस फोन के फीचर्स के बारे में आधिकारिक तौर पर कोई जानकारी नहीं दी है लेकिन टीजर और मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक Vivo V15 Pro में पॉप अप सेल्फी कैमरा होगा जो कि 32 मेगापिक्सल का होगा। इसके अलावा यह फोन कई कलर वेरियंट में मिलेगा।
बता दें कि वीवो वी15 प्रो पिछले साल भारत में लॉन्च हुए वीवो वी11 प्रो का अपग्रेडेड वर्जन होगा। वीवो वी11 प्रो को भारत में 25,990 रुपये में लॉन्च किया गया था। लॉन्चिंग के दौराना वीवो वी11 प्रो इन-डिस्प्ले फिंगरप्रिंट सेंसर वाला सबसे सस्ता स्मार्टफोन था।
वीवो वी11 प्रो की स्पेसिफिकेशन की बात करें तो इसमें 6.41 इंच की फुल एचडी प्लस सुपर एमोलेड डिस्प्ले है जिसका रिजॉल्यूशन 1080x2340 पिक्सल और आस्पेक्ट रेशियो 19.5:9 है। इसके अलावा वीवो वी11 प्रो में एंड्रॉयड ओरियो 8.1, ऑक्टाकोर स्नैपड्रैगन 660 प्रोसेसर, ग्राफिक्स के लिए एड्रेनो 512 जीपीयू, 6 जीबी रैम और 64 जीबी स्टोरेज मिलेगी जिसे 256 जीबी तक बढ़ाया जा सकेगा।
फोन के कैमरे की बात करें तो इसमें डुअल रियर कैमरा है जिसमें एक लेंस 12 मेगापिक्सल का f/1.8 अपर्चर वाला और दूसरा 5 मेगापिक्सल का है। वहीं फ्रंट कैमरा 25 मेगापिक्सल का है। दोनों कैमरे में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का सपोर्ट और एलईडी फ्लैश लाइट मिलेंगी। कनेक्टिविटी के लिए इसमें 4G VoLTE, डुअल बैंड वाई-फाई, ब्लूटूथ v4.2, जीपीएस/ए-जीपीएस, माइक्रो-यूएसबी, 3400 एमएएच की बैटरी मिलेगी जो डुअल इंजन फास्ट चार्जिंग को सपोर्ट करती है।