सितंबर 2022: इस महीने भारत में लॉन्च होंगे ये शानदार फोन और गैजेट्स, खरीदने की प्लानिंग है तो ठहर जाएं
एपल आईफोन 14 सीरीज को 7 सितंबर को पेश किया जाएगा। इस सीरीज के तहत iPhone 14, iPhone 14 Pro और iPhone 14 Pro Max को लॉन्च किया जाएगा।

विस्तार
भारतीय स्मार्टफोन मार्केट में इस महीने यानी अगस्त में एक से बढ़कर एक फोन लॉन्च हुए। इस महीने OnePlus 10T, iQoo 9T 5G, Moto Razr 3 और Moto X30 Pro के साथ Samsung Galaxy Z Fold 4 और Flip 4 जैसे फ्लैगशिप फोन लॉन्च किए गए हैं। साथ ही Vivo V25 Pro 5G के साथ कई सारे मिड रेंज फोन भी मार्केट में पेश किए गए हैं। सितंबर में भी डिजिटल मार्केट में स्मार्टफोन के साथ कई स्मार्ट डिवाइस भी लॉन्च होने वाले हैं। आइए नजर डालते हैं सितंबर 2022 में लॉन्च होने वाले इन शानदार स्मार्टफोन और स्मार्ट डिवाइस के बारे में...
सितंबर में आने वाले स्मार्टफोन

इस महीने की शुरुआत में ही स्मार्टफोन ब्रांड सोनी अपने फ्लैगशिप फोन Sony Xperia 5 IV को पेश करने वाला है। इस फोन को कॉम्पेक्ट डिजाइन और पॉवरफुल फीचर्स के साथ पेश किया जाएगा। इसके साथ ही एपल आईफोन 14 सीरीज को भी 7 सितंबर को पेश किया जाएगा। इस सीरीज के तहत iPhone 14, iPhone 14 Pro और iPhone 14 Pro Max को लॉन्च किया जाएगा।
बजट सेगमेंट की बात करें तो इस महीने इस सेगमेंट में Redmi 11 Prime सीरीज, realme C33, Poco M5 फोन को लॉन्च किया जाएगा। इन फोन की कीमत 10 से 15 हजार के बीच रहने की उम्मीद है। मिड रेंज सेगमेंट की बात करें तो सितंबर में iQOO Z6 Lite 5G, Vivo V25 और Moto Edge 30 सीरीज को पेश किया जा सकता है। साथ ही रियलमी के realme GT Neo 3T फोन और Asus ROG Phone 6D फ्लैगशिप स्मार्टफोन भी इस महीने लॉन्च किया जा सकता है।
सितंबर में आने वाले अन्य गैजेट्स

स्मार्टफोन के साथ ही इस महीने कई स्मार्ट गैजेट्स भी लॉन्च किए जा सकते हैं। सितंबर में DIZO अपनी दो नई स्मार्टवॉच DIZO Watch R Talk और DIZO Watch D Talk को लॉन्च करेगा। इसके साथ ही रियलमी के दो डिवाइस Realme Buds Air 3s और Realme Watch 3 Pro को पेश किया जाएगा। वहीं Noise की Caliber Go स्मार्टवॉच को भी अगले महीने 3 सितंबर को लॉन्च किया जाएगा।