Apple: टिम कुक ने खोला एपल की कामयाबी का राज, कहा- 'हमारी नकल करना नामुमकिन, हम सबसे अलग हैं'
एपल के सीईओ टिम कुक ने कंपनी की सफलता के पीछे का बड़ा राज साझा किया है। उन्होंने कहा कि एपल की असली ताकत उसके लोग और इनोवेशन को बढ़ावा देने वाली संस्कृति है। यही वजह है कि 50 साल बाद भी कंपनी टेक दुनिया में अलग पहचान बनाए हुए है।

विस्तार
दिग्गज टेक कंपनी एपल आगामी 1 अप्रैल को अपनी स्थापना के 50 साल पूरे करने जा रही है। इस ऐतिहासिक मौके से पहले, कंपनी के सीईओ टिम कुक ने 'CBS संडे मॉर्निंग' को दिए एक इंटरव्यू में एप्पल के सफर और उसकी सफलता के पीछे छिपे रहस्यों पर खुलकर बात की। कुक ने साफ लहजे में कहा कि एपल की कामयाबी को दोहराना नामुमकिन है और यह कंपनी अपनी एक अलग ही दुनिया में रहती है।
टिम कुक ने एपल की सफलता पर क्या कहा?
जब टिम कुक से पूछा गया कि आखिर एपल दशकों से नंबर वन कैसे बनी हुई है, तो उन्होंने बहुत ही सरल शब्दों में जवाब दिया। कुक ने कहा कि किसी भी कंपनी की असली ताकत उसके कर्मचारी और उनका काम करने का तरीका होता है।
उन्होंने कहा कि बौद्धिक संपदा असल में लोगों के दिमाग से पैदा होती है, और कंपनी का कल्चर ही उस इनोवेशन को आगे बढ़ाता है। अगर किसी संस्था में सही लोग हों और ऐसी संस्कृति हो जो नए विचारों को प्रोत्साहित करे, तो वह बदलते समय में भी सफल उत्पाद बना सकती है।
Apple की सफलता को दोहराना मुश्किल
टिम कुक ने यह भी कहा कि एपल जैसी कंपनी को दोहराना लगभग नामुमकिन है। उन्होंने कहा कि मैं कई कंपनियों को जानता हूं, लेकिन एपल एक अलग ही श्रेणी में है। यह अपने आप में अनोखी कंपनी है।
सैमसंग और नोकिया से तुलना
इंटरव्यू के दौरान टिम कुक ने एक बेहद दिलचस्प बात कही। उन्होंने एप्पल की निरंतरता की तारीफ करते हुए कहा कि 50 साल पहले कंपनी जिस मिशन के साथ शुरू हुई थी, आज भी उसी पर कायम है।
उन्होंने मजाकिया अदाज में कहा, "सैमसंग ने कभी सूखी मछली बेचने से शुरुआत की थी और नोकिया कभी पेपर मिल हुआ करती थी, लेकिन एपल 50 साल पहले भी एपल था और आज भी एपल ही है।" उन्होंने कहा कि एपल का मिशन हमेशा से जटिल तकनीक को लोगों के लिए आसान 'औजार' बनाना रहा है।
बीते कल से ज्यादा भविष्य पर नजर
टिम कुक ने माना कि एपल का स्वभाव कभी भी पीछे मुड़कर देखने का नहीं रहा है, वे हमेशा भविष्य की ओर देखते हैं। हालांकि, 50वीं वर्षगांठ के मौके पर अपनी उपलब्धियों को याद करना उन्हें एक नई ऊर्जा देता है। उन्होंने कहा कि पुरानी यादों को संजोना कंपनी के लिए एक 'नई मांसपेशी' विकसित करने जैसा है, जो उन्हें और अधिक मेहनत करने की याद दिलाता है।
- Inactiviy Restart: खो गया या चोरी हो गया फोन? डरिए मत! सैमसंग का नया फीचर रखेगा आपका डेटा बिल्कुल सेफ
- Samsung: स्मार्टफोन की दुनिया में क्रांति ला सकता है सैमसंग, 18,000mAh की सुपर बैटरी पर कर रहा काम
- Induction Cooktop: LPG की कमी में इंडक्शन चूल्हा बनेगा सहारा, खरीदने से पहले जान लें कुछ जरूरी बातें
- Shake and Pay: बस फोन को हिलाएं और हो जाएगा UPI पेमेंट, आप भी अपने स्मार्टफोन में ऑन करें ये खास फीचर