Tecno Spark 8P Review: कैसा है 11 हजार रु. से कम में 7GB रैम और 50MP कैमरे वाला फोन?
Tecno Spark 8P की कीमत 10,999 रुपये है। इस कीमत में 4 जीबी रैम के साथ 64 जीबी की स्टोरेज मिलेगी। Tecno Spark 8P को अटलांटिक ब्लू, आईरिस पर्पल, तैहिटी गोल्ड और टरक्विइश सेयान कलर खरीदा जा सकेगा।

विस्तार
Tecno के नए एंट्री लेवल स्मार्टफोन Tecno Spark 8P की बिक्री भारतीय बाजार में हो रही है। Tecno Spark 8P के साथ ट्रेंडी डिजाइन है और इसमें वॉटरड्रॉप नॉच डिस्प्ले दी गई है। इसके अलावा इसमें ट्रिपल रियर कैमरा सेटअप है जिसमें प्राइमरी लेंस 50 मेगापिक्सल का है। Tecno Spark 8P के साथ 7 जीबी तक रैम मिलेगी। इसके अलावा इसमें 5000mAh की बैटरी मिलेगी जिसके साथ 18W की फास्ट चार्जिंग का सपोर्ट होगा। आइए रिव्यू में जानते हैं कि कैसा है यह स्मार्टफोन?

Tecno Spark 8P Review: डिजाइन

Tecno Spark 8P का बैक पैनल प्लास्टिक का है और कैमरे के लिए अलग से स्पेस दी गई है जिसके साथ काफी एरिया भी है। इसी तरह की कैमरा डिजाइन पोको एक फोन में देखने को मिली थी। कैमरा पैनल ग्लॉसी है। बैक पैनल पर STOP AT NOTHING लिखा हुआ है।

यह फोन आकर्षक तो है लेकिन सभी को पसंद आए यह जरूरी नहीं, क्योंकि कैमरा वाला एरिया बहुत ज्यादा है जिसकी कोई जरूरत नहीं थी। बॉक्स में चार्जर और सिलिकॉन कवर भी है। कैमरे वाले एरिया में फिंगरप्रिंट्स भी बहुत आते हैं। राइट में पावर और वॉल्यूम बटन हैं।

नीचे की ओर स्पीकर, हेडफोन जैक और यूएसबी माइक्रो चार्जिंग पोर्ट है, जबकि इस रेंज में टाईप-सी वाले कई फोन मौजूद हैं। वजन के मामले में फोन हेवी नहीं है। फोन को IPX2 स्पलैश प्रूफ की रेटिंग मिली है। Tecno Spark 8P को अटलांटिक ब्लू, आईरिस पर्पल, तैहिटी गोल्ड और टरक्विइश सेयान कलर खरीदा जा सकेगा।
Tecno Spark 8P Review: डिस्प्ले

Tecno Spark 8P में 6.6 इंच की FHD+ डिस्प्ले मिलेगी जिसका रिजॉल्यूशन 1080x2408 पिक्सल है और रिफ्रेश रेट 60Hz है। इस कीमत में 60Hz से अधिक रिफ्रेश रेट की उम्मीद नहीं की जा सकती है, क्योंकि गूगल ने 44 हजार के फोन में 60Hz का रिफ्रेश रेट दिया है। फोन की ब्राइटनेस ठीक-ठाक है और कलर्स भी अच्छे हैं। धूप में ज्यादा परेशानी नहीं होती है। स्क्रॉल अच्छा है और टच रेस्पॉन्स भी बढ़िया है।