TECNO CAMON iAce 2x रिव्यूः इस बजट स्मार्टफोन में है बहुत कुछ

टेक्नो इंडिया (Tecno) ने कुछ दिन पहले ही भारत में अपना एक नया स्मार्टफोन TECNO CAMON iAce2x लॉन्च किया है। इस फोन की खासियत यह है इसमें डुअल 4जी वीओएलटीई सपोर्ट दिया गया है। साथ ही इसमें 360 डिग्री की एलईडी फ्लैश लाइट दी गई है। इसके अलावा इस फोन में 3 जीबी रैम के साथ 32 जीबी की स्टोरेज मिल रही है और वह भी 8,000 रुपये से भी कम कीमत में। यह फोन हमें रिव्यू के लिए मिला था तो आइए रिव्यू में जानते हैं कि टेक्नो का यह बजट फोन कितने काम का है।
TECNO CAMON iAce2x की स्पेसिफिकेशन
टेक्नो कैमन आईएस2एक्स की खासियतों की बात करें तो इस फोन में 5.5 इंच की HD+ फुल व्यू डिस्प्ले है जिसका आस्पेक्ट रेशियो 18:9 है। फोन का वजन 150 ग्राम है। फोन के प्रोसेसर की बात करें तो इसमें मीडियाटेक का 2.0GHz का हीलियो A22 प्रोसेसर मिलेगा। इसके अलावा फोन में एंड्रॉयड ओरियो 8.1 आधारित हाई ओएस 4.1 मिलेगा। इस फोन में 3 जीबी के साथ 32 जीबी की स्टोरेज दी गई है जिसे मेमोरी कार्ड की मदद से 128 जीबी तक बढ़ाया जा सकेगा।

यह फोन मिडनाइट ब्लैक, शैंपेन गोल्ड और नीबूला ब्लैक कलर वेरियंट में मिलेगा। अब फोन के कैमरे की बात करें तो इसमें डुअल रियर कैमरा है जिसमें एक कैमरा 13 मेगापिक्सल का और दूसरा वीजीए कैमरा है। वहीं फ्रंट कैमरा 8 मेगापिक्सल का है। दोनों कैमरे के साथ एलईडी फ्लैश लाइट मिलेगी और साथ ही एआई का भी सपोर्ट मिलेगा। कैमरे में आपको बोकेह इफेक्ट भी मिलेगा। इस फोन में 3050 एमएएच की बैटरी दी गई है और कनेक्टिविटी के लिए डुअल 4जी वीओएलटीई सपोर्ट मिलेगा। फोन में फेस अनलॉक और फिंगरप्रिंट सेंसर भी है और इसकी कीमत 7,599 रुपये है। फोन की बिक्री ऑफलाइन हो रही है।
टेक्नो के इस फोन की डिजाइन की बात करें तो इसकी फिनिशिंग आपको बहुत पसंद आएगी और आपको किसी प्रीमियम स्मार्टफोन का अनुभव है। फोन की बॉडी प्लास्टिक की है लेकिन ग्लास फिनिशिंग दी गई है। रिव्यू के लिए हमें नीबूला ब्लैक कलर वेरियंट मिला था। डिस्प्ले पर आपको पहले से ही टैंपर्ड ग्लास लगा हुआ मिलेगा, हालांकि हम आपको सुझाव देंगे कि आप दूसरा स्क्रीन गार्ड लगवा लें, क्योंकि फोन के साथ मिलने वाले स्क्रीन गार्ड पर बहुत जल्दी खरोंच आ जाती है। सिम कार्ड और मेमोरी कार्ड को लगाने के लिए आपको फोन के बैक कवर को निकालना होगा। मेमोरी के लिए आपको अलग से एक पोर्ट मिलता है। फोन के बैक पैनल पर फिंगरप्रिंट सेंसर जो कि तेजी से काम करता है।

इसके अलावा पीछे की ओर दो कैमरे दिए गए हैं और साथ में एलईडी फ्लैश लाइट भी मिलती है। फोन में चार्जिंग पोर्ट और हेडफोन नीचे की ओर मिलते हैं। वहीं स्पीकर पीछे की ओर दिया गया है। यह फोन हाथ से फिसलता है और ऐसे में हम आपको कवर के साथ इसे इस्तेमाल करने की सलाह देते हैं। फोन में पावर और वॉल्यूम बटन दाहिनी ओर दिए गए हैं। डिस्प्ले की लाइट बढ़िया है और धूप में कोई परेशानी नहीं होती है। फोन में ओपेरा, वेदर, पीएचएक्स ब्राउजर जैसे कई सारे ऐप प्री-इंस्टॉल्ड मिलते हैं। फोन की बिल्ड क्वालिटी भी बढ़िया है। कुल मिलाकर हम कह सकते हैं कि टेक्नो कैमन आईएस2एक्स की डिजाइन हमें पसंद आई।

TECNO CAMON iAce2x का कैमरा

फोन में डुअल रियर कैमरा है और फ्रंट में एक कैमरा है। दोनों कैमरे के साथ आपको बोकेह, एचडीआर, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस कैम, ब्यूटी, पैनोरमा और वीडियो जैसे मोड मिलते हैं। कैमरे के साथ आपको डिफॉल्ड रूप से वाटरमार्क मिलता है। वीडियो रिकॉर्डिंग के लिए आपको 1080 पिक्सल, 720 पिक्सल और 480 पिक्सल जैसे विकल्प मिलते हैं यानि आप इस फोन के कैमरे एचडी फुल एचडी वीडियो रिकॉर्ड कर सकते हैं।यह फोटो इसी फोन से क्लिक की गई है

कैमरा परफॉर्मेंस
अब इस फोन के कैमरा परफॉर्मेंस की बात करें तो कैमरे की स्पीड बढ़िया है लेकिन बोकेह मोड में कैमरा थोड़ा स्लो हो जाता है। कैमरे की फोटो की क्वालिटी बढ़िया है और रात में भी आप फ्लैश लाइट की मदद से अच्छी फोटो क्लिक कर सकते हैं। कैमरे में दिया गया आर्टिफिशिल इंटेलिजेंस काबिल-ए-तारीफ है। इसकी मदद से आप दूर की और पास की शानदार फोटो क्लिक कर सकते हैं। सेल्फी भी बढ़िया है लेकिन रात में न्वाइज आती है। वहीं दिन में आप बढ़िया फोटो क्लिक कर सकते हैं। इस फोन के दोनों कैमरे से आप एक बढ़िया फोटो क्लिक कर सकते हैं। दूसरे शब्दों में कहें तो 7,599 रुपये वाले इस फोन से आप 10 हजार रुपये तक वाले फोन जैसी फोटो क्लिक कर सकते हैं। बोकेह इफेक्ट बढ़िया है लेकिन सेल्फी में दिया गया है बोकेह मोड औसत है।

यह फोटो भी इसी फोन से क्लिक की गई है

बैटरी और सॉफ्टवेयर परफॉर्मेंस
इस फोन में आपको 3050 एमएएच की बैटरी मिलती है जो कि फुल चार्ज होने में साढ़े तीन घंटे का वक्त लेती है, लेकिन डेली यूज में बैकअप भी आपको पूरे दिन का मिलता है। गेम खेलने या फिर ऑनलाइन-ऑफलाइन वीडियो देखने पर बैटरी तेजी से खत्म नहीं होती है। फोन के सॉफ्टवेयर की बात करें तो इसमें एंड्रॉयड ओरियो 8.1.0 आधारित hios 4.1.0 मिलता है जो बढ़िया है। गेमिंग के दौरान फोन में अटकने या गर्म होने जैसी दिक्कत नहीं आती है। हां, लेकिन पबजी जैसे गेम खेलने के लिए हम आपको मना करेंगे, क्योंकि पबजी जैसे गेम इस फोन पर आप लंबे समय तक नहीं खेल सकते। फोन का फेस अनलॉक तेजी बढ़िया है और अंधेरे में भी काम करता है। इसके साथ अच्छी बात यह है कि यदि अंधेरा ज्यादा है तो फेस अनलॉक के साथ आपको फ्लैश लाइट का विकल्प मिलता है। फोन के साथ कुछ खास फीचर्स भी मिलते हैं जैसे आप फोन के हाथ से ढंककर म्यूट कर सकते हैं और फ्लिप करके साइलेंट कर सकते हैं। अब कुल मिलाकर कहा जा सकता है कि यदि आप 8 हजार रुपये तक की कीमत में किसी फोन की तलाश में हैं तो यह फोन आपको निराश नहीं करेगा।