Smartphone Shipments: पहली तिमाही में 1.5% की बढ़ोतरी, सैमसंग और एपल टॉप पर बरकरार
पिछले रुझानों को देखते हुए सैमसंग ने एक बार फिर से मार्केट लीडर के तौर पर वापसी की है। कंपनी ने 19.9 प्रतिशत बाजार हिस्सेदारी के साथ 60.6 मिलियन यूनिट्स की शिपमेंट की। गैलेक्सी S25 सीरीज और नए Galaxy A36 तथा Galaxy A56 मॉडल्स की सफलता ने सैमसंग की ग्रोथ को और मजबूत किया।

विस्तार
इंटरनेशनल डेटा कॉर्पोरेशन (IDC) की एक रिपोर्ट के अनुसार, 2025 की शुरुआत वैश्विक स्मार्टफोन बाजार के लिए सकारात्मक रही है। रिपोर्ट बताती है कि इस साल की पहली तिमाही (Q1 2025) में वैश्विक स्मार्टफोन शिपमेंट में साल-दर-साल (YoY) आधार पर 1.5 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है और कुल 304.9 मिलियन यूनिट्स की डिलीवरी हुई।
इस तिमाही में सैमसंग एक बार फिर से बाजार का बादशाह बना रहा, जबकि एपल ने भी बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए दूसरा स्थान हासिल किया। खास बात यह रही कि एपल ने यूनिट्स के हिसाब से अब तक का सबसे मजबूत Q1 दर्ज किया, हालांकि चीन में इसकी बिक्री में गिरावट देखी गई।
इसके अलावा टॉप-5 की सूची में चीनी कंपनियां शाओमी, ओप्पो और वीवो भी शामिल रहीं। IDC के वर्ल्डवाइड क्वॉटर्ली मोबाइल फोन ट्रैकर की रिपोर्ट के मुताबिक, वैश्विक स्मार्टफोन शिपमेंट 2025 की पहली तिमाही में 1.5 प्रतिशत की बढ़त के साथ 304.9 मिलियन यूनिट्स तक पहुंच गई।