Apple की राह पर सैमसंग, इस फोन के साथ नहीं मिलेगा चार्जर!

एपल ने जब आईफोन 12 सीरीज के साथ चार्जर और ईयरफोन नहीं देने का फैसला लिया था, तब शाओमी, वनप्लस और सैमसंग जैसी बड़ी कंपनियों ने एपल का मजाक उड़ाया था, लेकिन अब एक महीने बाद खबर है कि Samsung भी एपल की राह अख्तियार कर रहा है। रिपोर्ट के मुताबिक कई देशों में अब सैमसंग Galaxy S21 बिना चार्जर का ही बिकेगा।
xda डेवलपर्स की रिपोर्ट के मुताबिक ब्राजील में Galaxy S21 की बिक्री अब बिना चार्जर के ही होगी, हालांकि सैमसंग की ओर से इसकी अभी पुष्टि नहीं की गई है, लेकिन यह सच है तो एपल के बाद सैमसंग दूसरी ऐसी कंपनी होगी जो फोन के साथ बॉक्स में चार्जर नहीं देगी।
बता दें कि इससे पहले सैमसंग ने अपने फेसबुक पेज पर बिना चार्जर वाले आईफोन का मजाक उड़ाया था, हालांकि बाद में पेज से पोस्ट को डिलीट कर दिया गया, हालांकि यह पहला मौका नहीं है जब सैमसंग ने एपल के मजे लिए हैं। जब एपल ने आईफोन के साथ हेडफोन जैक देना बंद किया था, तभी भी सैमसंग ने एपल का मजाक उड़ाया था और बाद खुद सैमसंग ने ही गैलेक्सी नोट 10 सीरीज को बिना हेडफोन जैक लॉन्च किया।
अब गैलेक्सी एस21 को ब्राजील में तो बिना चार्जर के साथ देखा गया है, लेकिन यह अभी तक साफ नहीं है कि अन्य देशों में भी सैमसंग बिना चार्जर के ही Galaxy S21 बेचेगी या साथ में चार्जर देगी। गौरतलब है कि हाल ही में फ्रांस के बाद ब्राजील में एपल को iPhone 12 और अन्य सीरीज के साथ बॉक्स में चार्जर देने पर मजबूर होना पड़ा है।