सैमसंग ने भारत में लॉन्च किया नया स्मार्ट टीवी, दीवार के हिसाब से बदल लेगा रंग

सैमसंग ने गुरुवार को भारत में टेलीविजन की नई 2018 रेंज का ऐलान किया है, जिसमें फ्लैगशिप क्यूएलईडी, मिड रेंज यूएचडी और मेक फॉर इंडिया ‘कॉन्सर्ट’ सीरीज के नए मॉडल शामिल हैं। इससे पहले सैमसंग ने भारतीय बाजार में एलईडी टीवी, स्मार्ट टीवी, कर्व्ड टीवी, कर्व्ड यूएचडी टीवी पेश किए है और अब क्यूएलडी टीवी और द फ्रेम को बाजार में उतारा है।
सैमसंग क्यूएलईडी टीवी की खासियत और कीमत
2018 क्यूएलईडी टीवी में सैमसंग ने एम्बिएन्ट मोड दिया है जिसकी मदद से आप क्यूएलईडी टीवी को अपने मूड के हिसाब से एक कैनवास में बदल सकते हैं। इसके अलावा यह टीवी अपने पीछे की दीवार के पैटर्न को कॉपी करके अपने लिए ऐसा विजुअल इफेक्ट तैयार करता है जिससे आपको लगेगा कि टीवी पूरी तरह से दीवार से घुलमिल गया है।
यह टीवी आपको मौसम की भी जानकारी देगा। एम्बिएन्ट मोड के लिए आपको क्यूएलईडी टीवी रिमोट पर बस हॉटकी दबाना होगा। 2018 क्यूएलईडी एक इनविजिबल कनेक्शन के साथ भी आता है, जिसमें आप एक केबल की मदद से आसानी से डाटा और पॉवर ट्रांसमिट कर सकते हैं।
क्यूएलईडी टीवी में इंटेलिजेन्ट डिस्प्ले के साथ इंटेलिजेन्ट कन्ट्रोल भी है। टीवी में आप बटन्स की बजाय एस वॉयस के माध्यम से भी टीवनी को कंट्रोल कर सकते हैं। उदाहरण के लिए अगर आप पूछें कि बाहर मौसम कैसा है? तो टीवी आपको स्क्रीन पर मौसम की जानकारी दे देगा। इसके अलावा टीवी की बॉडी मेटल की है और इसमें बेजल बहुत ही कम दिया गया है।
कंपनी ने अपने एक बयान में कहा है कि साल 2018 में 55 इंच से 75 इंच तक की साइज के 8 क्यूएलईडी टीवी मॉडल पेश किए जाएंगे, जिनमें फ्लैट और कर्व्ड वेरिएन्ट शामिल हैं। क्यूएलईडी टीवी की शुरुआती कीमत 2,45,000 रुपये होगी।