रिव्यू: क्या वाकई 'पावर हाउस' है सैमसंग का 10.5 इंच की डिस्प्ले वाला गैलेक्सी टैब ए ?

सैमसंग ने अगस्त 2018 में भारत में अपना गैलेक्सी टैब ए लांच किया था। सैमसंग गैलेक्सी टैब को खासकर उन लोगों के लिए लांच किया गया जो लैपटॉप के बजाय टैबलेट पर वीडियो देखना पसंद करते हैं और साथ ही उन लोगों के लिए भी इसे बाजार में उतारा गया जो लैपटॉप को कहीं लेकर आना-जाना पसंद नहीं करते हैं। सैमसंग गैलेक्सी टैबलेट तीन कलर वेरियंट में उपलब्ध है जिनमें ब्लैक, ब्लू और व्हाइट शामिल हैं। इनमें से ब्लैक कलर वेरियंट हमें रिव्यू के लिए मिला था जिसे हमने करीब 15 दिनों तक इस्तेमाल किया तो आइए जानते हैं सैमसंग के इस 10.5 इंच वाले टैब में कितने काम काम है?

सैमसंग गैलेक्सी टैब ए की स्पेसिफिकेशन
गैलेक्सी टैब ए की स्पेसिफिकेशन की बात करें तो इसमें 10.5 इंच की फुल एचडी टीएफटी डिस्प्ले मिलती है जिसका रिजॉल्यूशन 1920x1200 है। इसके अलावा इस टैब में 3 जीबी रैम के साथ 32 जीबी की स्टोरेज है जिसे मेमोरी कार्ड के जरिए 400 जीबी तक बढ़ाया जा सकता है। गैलेक्सी टैब ए में एलईडी फ्लैश लाइट के साथ 8 मेगापिक्सल का रियर कैमरा और 5 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा है। फ्रंट कैमरे के साथ एलईडी फ्लैश लाइट नहीं दी गई है। इसके अलावा इस टैब में वाई-फाई के साथ 4जी वीओएलटीई का सपोर्ट, क्वॉलकॉम स्नैपड्रैगन 450 प्रोसेसर, डॉल्बी स्पीकर, एफएम रेडियो, एंड्रॉयड ओरियो 8.1, 7300 एमएएच की बैटरी, ब्लूटूथ 4.2 और 3.5 एमएम का हेडफोन जैक दिया गया है। इस टैब में सैमसंग के असिस्टेंट बिक्सबी का सपोर्ट मिलता है। इसकी कीमत 29,990 रुपये है।

सैमसंग गैलेक्सी टैब ए की डिजाइन और डिस्प्ले
गैलेक्सी टैब ए की डिजाइन अच्छी है और यह आपको पसंद आएगी। टैब के ठीक नीचे दो ग्रिल दिए गए हैं और दोनों में स्पीकर दिया गया है। दोनों ग्रिल के बीच में यूएसबी टाइप-सी चार्जिंग पोर्ट है। टैब के दायीं ओर पावर और वॉल्यूम बटन दिए गए हैं। दायीं ओर ही नीचे की ओर सिम कार्ड व मेमोरी कार्ड स्लॉट हैं जो कि एक ही ट्रे में दिए गए हैं। टैब की बॉडी प्लास्टिक की है लेकिन हाथ में लेने पर फिसलता नहीं है, क्योंकि इसमें आपको ग्रिप मिलती है। रियर कैमरा चौकोर है और उसके ठीक नीचे फ्लैश लाइट दी गई है। टैब के बायीं और की-बोर्ड लगाने के लिए जगह दी गई है। अब डिस्प्ले की बात करें तो वीडियो देखने में आपको कोई शिकायत नहीं आने वाली है। वीडियो को देखने का एंगल बढ़िया है। ऐसे में ग्रुप में भी बैठकर आराम से वीडियो देखा जा सकता है। डिस्प्ले में रंगों का मिश्रण भी अच्छा है।

सैमसंग गैलेक्सी टैब ए का कैमरा
कैमरे की बात करें तो सैमसंग गैलेक्सी टैब ए में 8 मेगापिक्सल का रियर कैमरा और 5 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा है। वैसे तो आमतौर पर टैबलेट के कैमरे को लेकर शिकायतें आती रहती हैं लेकिन गैलेक्सी टैब का कैमरा संतोषजनक है। वीडियो कॉलिंग के दौरान क्वालिटी अच्छी रही, हालांकि कंपनी ने यदि फ्रंट कैमरे के साथ फ्लैश लाइट दिया होता तो सोने पर सुहागा होता। वीडियो कॉलिंग और सेल्फी के दौरान हमें फ्रंट में फ्लैश लाइट की कमी महसूस हुई। अब फोटो की बात करें तो कमरे की रौशनी में फोटो ठीक-ठाक आती है, वहीं दिन की रौशनी में फोटो बेहतरीन आती है। वहीं रात में फ्लैश लाइट के साथ क्लिक की गई फोटो अच्छी रहीं। फ्रंट कैमरा शानदार तो नहीं लेकिन ठीक-ठाक है।

नीचे दी गईं सभी तस्वीरें टैब ए से क्लिक की गई हैं।



सैमसंग गैलेक्सी टैब ए की बैटरी
जहां तक सैमसंग गैलेक्सी टैब ए की बैटरी का सवाल है तो कंपनी ने बैटरी को लेकर काफी काम किया है और ऐसे में इस टैब के साथ 7300 एमएएच की बैटरी मिलती है जो फुल चार्ज होने में 3 घंटे 15 मिनट का वक्त लेती है, हालांकि बैटरी का बैकअप आपका दिल खुश कर देगा, क्योंकि गैलेक्सी टैब ए पर वीडियो देखने पर बैटरी 10 घंटे से ज्यादा का बैकअप देती है जो वाकई शानदार है। टैबलेट के साथ आपको फास्ट चार्जर मिलता है। बता दें कि सैमसंग ने बैटरी को लेकर 14 घंटे के बैकअप का दावा किया है।
सैमसंग गैलेक्सी टैब ए के खास फीचर्स
इस टैब में आपको किड्स मोड मिलता है जिसमें बच्चों के लायक कंटेंट मिलते हैं। इस मोड को एक पिन यानि पासवर्ड के साथ एक्टिव करके आप बच्चों के हाथ में टैब दे सकते हैं। इस मोड में आपके पास यह भी विकल्प होता है कि आप एक समय तय कर सकते हैं कि आपका बच्चा कितनी देर टैब इस्तेमाल करे। इस मोड को खासतौर पर बच्चों के लिए डिजाइन किया गया है। इसमें बच्चों के लिए गेम भी मिलते हैं। इस मोड के ऑन होने पर बच्चा टैबलेट में मौजूद अन्य सामग्री को नहीं देख सकता है और ना ही किसी फाइल में जा सकता है। साथ ही वह किड्स मोड से बाहर भी नहीं आ सकता है, क्योंकि बाहर आने के लिए पासवर्ड की जरूरत होती है। इस टैब में भी आपको सैमसंग और माइक्रोसॉफ्ट के कई सारे एप मिलते हैं जो एक फोल्डर में हैं।


सैमसंग गैलेक्सी टैब ए का ओवरऑल परफॉर्मेंस
अब फैसले की बात करें तो इस टैब में कंपनी ने फेस अनलॉक फीचर तो दिया है लेकिन यह तेजी से काम नहीं कर करता है। ऐसे में हम आपको पिन या पैटर्न लॉक लगाने की ही सलाह देंगे। बैटरी और डिस्प्ले को लेकर कोई शिकायत नहीं आने वाली है, हालांकि घर से बाहर साउंड को लेकर थोड़ी समस्या हो सकती है। टैब के ऑडियो का लेवल एक कमरे के लिए तो ठीक है, लेकिन पार्क में बैठकर वीडियो देखने पर आपको हेडफोन इस्तेमाल करना होगा। अब कनेक्टिविटी की बात करें तो कनेक्टिविटी अच्छी है। फोन पर बात करने में कोई परेशानी नहीं हुई, हालांकि इस टैब पर आपको निजी बातें करने के लिए वॉल्यूम को काफी कम करना होगा, क्योंकि कॉलिंग के दौरान आवाज बहुत ज्यादा तेज होती है। बात करते समय आपको स्पीकर ऑफ या ऑन करने का यानि हैंड्स-फ्री का विकल्प नहीं मिलता है। वैसे फोन पर बात करते समय हमें कोई परेशानी नहीं हुई। आवाज साफ आती है। टैब के साथ mcafee का भी सपोर्ट मिलता है जिसकी मदद से आप टैब की फाइल का वायरस स्कैन कर सकते हैं।