AirDrop Feature: अब Samsung फोन से iPhone पर भेजें फोटो-वीडियो, Galaxy S26 में आ रहा है एयरड्रॉप सपोर्ट
Samsung AirDrop Feature:
सैमसंग ने कंफर्म कर दिया है कि अब वो भी आईफोन की तरह अपनी गैलेक्सी S26 सीरीज में एयरड्रॉप सपोर्ट देने जा रहा है। गूगल के 'क्विक शेयर' के जरिए अब सैमसंग फोन से आईफोन पर फोटो और वीडियो भेजना उतना ही आसान होगा, जितना एक आईफोन से दूसरे आईफोन पर होता है।

विस्तार
अगर आप सैमसंग यूजर हैं और दोस्तों के आईफोन पर फोटो या वीडियो भेजने के लिए 'थर्ड-पार्टी एप्स' या 'व्हाट्सएप' की खराब क्वालिटी से परेशान हैं तो आपके लिए एक बड़ी खुशखबरी है। सैमसंग ने आधिकारिक तौर पर पुष्टि कर दी है कि वह अपने गैलेक्सी S26 सीरीज में एपल के एयरड्रॉप का सपोर्ट देने जा रहा है। यह फीचर गूगल के क्विक शेयर के जरिए काम करेगा, जिससे एंड्रॉयड और आईफोन के बीच की दीवार लगभग खत्म हो जाएगी।
क्या है पूरा मामला?
हाल ही में जापान में हुई एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान, सैमसंग के एग्जीक्यूटिव चोई वोन-जुन ने पुष्टि की कि कंपनी जल्द ही गैलेक्सी S26 सीरीज के लिए एयरड्रॉप सपोर्ट रोल आउट करने वाली है। हालांकि, इस महीने की शुरुआत में जब S26 सीरीज लॉन्च हुई थी, तब यह फीचर लाइव नहीं था, लेकिन अब कंपनी इसे एक सॉफ्टवेयर अपडेट के जरिए देने की तैयारी में है।
कैसे काम करेगा यह जादुई फीचर?
गूगल ने पिछले साल अपने पिक्सेल 10 सीरीज के साथ इस तकनीक की शुरुआत करके सबको चौंका दिया था और अब यही सुविधा सैमसंग यूजर्स को मिलने वाली है। इसका काम करने का तरीका बेहद आसान और जादुई है। इस अपडेट के बाद, आपका सैमसंग फोन किसी भी आईफोन या मैक की एयरड्रॉप लिस्ट में बिल्कुल वैसे ही दिखाई देने लगेगा जैसे कोई दूसरा आईफोन दिखाई देता है। इसके लिए बस आपको अपने आईफोन की एयरड्रॉप सेटिंग को 'एवरीवन' मोड पर रखना होगा। इसके बाद बिना किसी तीसरे एप के झंझट के, आप भारी-भरकम फाइलें, हाई-क्वालिटी फोटो और वीडियो सीधे और तेजी से शेयर कर पाएंगे।
क्या पुराने सैमसंग फोन में भी मिलेगा?
सैमसंग ने संकेत दिया है कि गैलेक्सी S26 सीरीज के बाद, यह सपोर्ट दूसरे गैलेक्सी डिवाइसेज को भी दिया जाएगा। हालांकि, इसके लिए अभी कोई पक्की तारीख सामने नहीं आई है, लेकिन उम्मीद है कि आने वाले कुछ महीनों में पुराने फ्लैगशिप फोन (जैसे S25 या S24) को भी यह अपडेट मिल सकता है।
बाकी एंड्रॉयड कंपनियों का क्या हाल है?
सिर्फ सैमसंग ही नहीं, बल्कि दूसरी कंपनियां भी इस रेस में शामिल हैं। एंड्रॉयड और आईफोन के बीच की इस दूरी को मिटाने की शुरुआत गूगल ने की थी। इसके पिक्सल 10 के बाद अब पिक्सल 9 सीरीज में भी यह फीचर मिलना शुरू हो गया है। इसी राह पर चलते हुए ओप्पो ने भी हाल ही में संकेत दिए हैं कि वह इसी महीने, यानी मार्च 2026 तक अपने स्मार्टफोन्स में एयरड्रॉप सपोर्ट ला सकता है। इससे साफ है कि आने वाले समय में फाइल्स शेयर करना बेहद आसान होने वाला है।