कंफर्म: Galaxy F सीरीज का पहला 5G फोन 29 सितंबर को भारत में होगा लॉन्च
Galaxy F42 5G की बिक्री सैमसंग के ऑनलाइन स्टोर के अलावा फ्लिपकार्ट और तमाम रिटेल स्टोर से होगी। Galaxy F42 5G के साथ भी सैमसंग के अन्य 5जी फोन की तरह 5जी के 12 बैंड का सपोर्ट मिलेगा

विस्तार
सैमसंग ने अपने नए 5जी स्मार्टफोन की भारत में लॉन्चिंग की पुष्टि कर दी है। Samsung Galaxy F42 5G को भारत में 29 सितंबर को लॉन्च किया जाएगा। Samsung Galaxy F42 5G, गैलेक्सी एफ सीरीज का पहला 5जी स्मार्टफोन होगा। Samsung Galaxy F42 5G के लिए कंपनी की वेबसाइट पर माइक्रोसाइट भी लाइव हो गई है जहां फोन के कुछ फीचर्स के बारे में जानकारी दी गई है।
Galaxy F42 5G की बिक्री सैमसंग के ऑनलाइन स्टोर के अलावा फ्लिपकार्ट और तमाम रिटेल स्टोर से होगी। Galaxy F42 5G के साथ भी सैमसंग के अन्य 5जी फोन की तरह 5जी के 12 बैंड का सपोर्ट मिलेगा जिससे 5जी नेटवर्क पर बेहतर स्पीड मिलेगी, हालांकि इस बैंड का आप इस्तेमाल तभी कर पाएंगे जब आपको 5जी नेटवर्क मिलेगा। फिलहाल भारत में 5जी नेटवर्क ट्रायल में है।
सैमसंग Galaxy F42 5G को भारत में मीडियाटेक Dimensity 700 प्रोसेसर के साथ पेश किया जाएगा। इस प्रोसेसर के साथ भारतीय बाजार में Oppo A93s 5G, Realme Narzo 30 5G और Redmi Note 10T 5G जैसे कई स्मार्टफोन पहले से मौजूद हैं। ऐसे में सैमसंग के इस अपकमिंग फोन का सीधा मुकाबला इन फोन के साथ ही होने वाला है।
अन्य फीचर्स की बात करें तो Galaxy F42 5G में 64 मेगापिक्सल का ट्रिपल रियर कैमरा सेटअप मिलेगा। इसके अलावा फोन में 90Hz रिफ्रेश रेट वाली फुल एचडी प्लस डिस्प्ले मिलेगी। Galaxy F42 5G, गैलेक्सी एफ सीरीज का पांचवा स्मार्टफोन, जबकि इस सीरीज का पहला 5जी फोन होगा।
बता दें कि अगले सप्ताह Samsung Galaxy M52 5G भी भारत में लॉन्च होने वाला है। सैमसंग इंडिया ने Samsung Galaxy M52 5G को लेकर अपने सोशल मीडिया हैंडल को भी अपडेट किया है जिसके मुताबिक गैलेक्सी एम52 5जी में ट्रिपल रियर कैमरा सेटअप मिलेगा। इसके अलावा फोन के साथ स्लिम बॉडी मिलेगी।