अगले सप्ताह भारत में लॉन्च होगा सैमसंग का यह फोन, टीजर जारी
Samsung Galaxy F13 ऑटो डाटा स्विच फीचर के साथ आएगा यानी एक सिम का नेटवर्क कमजोर पड़ने पर फोन अपने आप दूसरे सिम के डाटा का इस्तेमाल करने लगेगा।

विस्तार
सैमसंग ने एक महीने (मई) चुप्पी साधने के बाद अपने नए प्रोडक्ट Samsung Galaxy F13 की लॉन्चिंग की घोषणा कर दी है। Samsung Galaxy F13 को भारत में 22 जून को लॉन्च किया जाएगा। Samsung Galaxy F13 का टीजर फ्लिपकार्ट और सैमसंग की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी हो गया है।
टीजर के मुताबिक Samsung Galaxy F13 में फुल HD+ LCD डिस्प्ले मिलेगी। इसके अलावा इस फोन में 6000mAh की बैटरी होगी। सैमसंग के इस फोन को तीन कलर्स के साथ पेश किया जाएगा। नया फोन पिछले साल अप्रैल में लॉन्च हुए Galaxy F12 का अपग्रेडेड वर्जन होगा।
Samsung Galaxy F13 की लॉन्चिंग भारतीय बाजार में 22 जून को दोपहर 12 बजे होगी। फ्लिपकार्ट के टीजर के मुताबिक फोन में तीन रियर कैमरे मिलेंगे और वाटरड्रॉप नॉच स्टाइल की डिस्प्ले होगी। फोन में 15W की फास्ट चार्जिंग मिलेगी।
इस फोन में एक खास फीचर मिलेगा। Samsung Galaxy F13 ऑटो डाटा स्विच फीचर के साथ आएगा यानी एक सिम का नेटवर्क कमजोर पड़ने पर फोन अपने आप दूसरे सिम के डाटा का इस्तेमाल करने लगेगा।
Galaxy F13 में 8 जीबी रैम के साथ रैम प्लस (वर्चुअल रैम) फीचर भी मिलेगा। सैमसंग के इस फोन में Exynos 850 प्रोसेसर मिलेगा जो कि एक ऑक्टाकोर प्रोसेसर है। इसमें एंड्रॉयड 12 मिलेगा। बता दें कि Samsung Galaxy F12 को सैमसंग ने पिछले साल 10,999 रुपये की शुरुआती कीमत पर लॉन्च किया था। यह कीमत 4 जीबी रैम के साथ 64 जीबी स्टोरेज मॉडल की है।