6 कैमरे वाले Galaxy Fold की भारत में मैन्युफैक्चरिंग रिपोर्ट पर सैमसंग ने दिया यह बयान

सैमसंग का पहला फोल्डेबल (मुड़ने वाला) स्मार्टफोन गैलेक्सी फोल्ड इसी साल फरवरी में गैलेक्सी 10 सीरीज के साथ लॉन्च किया गया था, हालांकि आधिकारिक लॉन्चिंग के 4 महीने बाद भी गैलेक्सी फोल्ड की बिक्री शुरू नहीं हो पाई है। वहीं कई रिपोर्ट्स में यह भी दावा किया गया था कि गैलेक्सी फोल्ड की स्क्रीन में दिक्कत आ रही है जिसके कारण इसे लॉन्च नहीं किया जा रहा है, हालांकि इन दावों पर सैमसंग ने एक अधिकारी ने कहा था कि डिस्प्ले में आने वाली दिक्कत को दूर कर दिया गया है।
इसी बीच टिप्सटर इंशान अग्रवाल ने दावा किया है कि सैमसंग ने गैलेक्सी फोल्ड की मैन्युफैक्चरिंग भारत में शुरू कर दी है और जल्द ही इस फोन को बाजार में उतारा जाएगा। वहीं उम्मीद की जा रही है कि गैलेक्सी फोल्ड की ग्लोबल लॉन्चिंग जुलाई के अंत तक हो जाएगी, हालांकि सैमसंग ने ग्लोबल या भारत में गैलेक्सी फोल्ड की लॉन्चिंग तारीख को लेकर कुछ नहीं कहा है। हालांकि सैमसंग ने इस दावे को खारीज कर दिया है और कहा है कि गैलेक्सी फोल्ड की मैन्युफैक्चरिंग भारत में नहीं होगी।
Samsung Galaxy Fold की स्पेसिफिकेशन
सैमसंग गैलेक्सी फोल्ड की स्पेसिफिकेशन की बात करें तो कंपनी ने इसके प्रोसेसर का खुलासा नहीं किया है, लेकिन कई रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि इसमें क्वॉलकॉम का स्नैपड्रैगन 855 प्रोसेसर मिलेगा। इस फोन में 7.3 इंच की इनफिनिटी फ्लेक्स डायनेमिक एमोलेड प्राइमरी डिस्प्ले है जिसका रिजॉल्यूशन 1536x2152 पिक्सल है।
वहीं दूसरी डिस्प्ले 4.6 इंच की सुपर एमोलेड डिस्प्ले है जिसका रिजॉल्यूशन 840x1960 पिक्सल है। फोन की स्टोरेज की बात करें तो इसमें 12GB रैम के साथ 512GB की फिक्स्ड स्टोरेज मिलेगी और इसमें एक्सटर्नल मेमोरी कार्ड का फीचर नहीं होगा। इस फोन में दो बैटरी दी गई हैं जिनकी कुल क्षमता 4380mAh है।
सैमसंग गैलेक्सी फोल्ड में हैं 6 कैमरे
इस फोन में कुल 6 कैमरे हैं, जिनमें से 3 पीछे की ओर, 2 अंदर की ओर और एक फ्रंट में है। फोन में रियर पैनल पर 16 मेगापिक्सल का अल्ट्रा वाइड एंगल वाला पहला लेंस, 12 मेगापिक्सल का वाइड एंगल वाला दूसरा लेंस और 12 मेगापिक्सल का तीसरा टेलीफोटो लेंस है। वहीं फ्रंट में 10 मेगापिक्सल व 8 मेगापिक्सल का डुअल कैमरा सेटअप है। वहीं सेल्फी कैमरा भी 10 मेगापिक्सल का है। ऐसे में यदि आपका फोन किसी भी एंगल से मुड़ा होगा, तब भी आप फोटो क्लिक कर सकेंगे।