Samsung Balance Mouse: ओवरवर्किंग और ओवरटाइम काम करने पर भाग जाएगा माउस, जानें क्या है कॉन्सेप्ट
Samsung Balance Mouse को एड एजेंसी के साथ मिलकर तैयार किया गया है। कहा जा रहा है कि कोरिया में वर्कलाइफ को बैलेंस करने के लिए इस बैलेंस माउस कॉन्सेप्ट को लाया गया है।

विस्तार
स्मार्टफोन और इलेक्ट्रॉनिक्स ब्रांड सैमसंग ने एक अनोखे डिजाइन वाले कंप्यूटर माउस को पेश किया है। सामान्य माउस की तरह दिखने वाले इस माउस में एक खास फीचर्स को एड किया गया है। कंपनी का दावा है कि इस बैलेंस माउस को ओवरवर्किंग की इस समस्या को हल करने के लिए डिजाइन किया गया है। यह माउस एक तय समय के बाद यूजर्स को काम करने से रोकता है और ओवरटाइम काम करने पर अपने पहिए का इस्तेमाल करके दूर चला जाता है।
दरअसल, सैमसंग ने अपने बैलेंस माउस का वीडियो कंपनी के कोरियाई यूट्यूब चैनल पर जारी किया है। इसके मुताबिक माउस को एक कॉन्सेप्ट के दौर पर पेश किया गया है। हालांकि, अब तक माउस को मार्केट में उपलब्ध नहीं कराया गया है। कंपनी ने इसे एक एड एजेंसी के साथ मिलकर तैयार किया है। कहा जा रहा है कि कोरिया में वर्कलाइफ को बैलेंस करने के लिए इस बैलेंस माउस कॉन्सेप्ट को लाया गया है।
सैमसंग ने इस वीडियो में कहा है कि ऑफिस के अधिकतर कर्मचारी तय समय से ज्यादा काम करते हैं। उन पर ऑफिस से निकलने से पहले काम को पूरा करने का अतिरिक्त प्रेशर होता है और वह ओवरवर्किंग करना शुरू कर देते हैं। इस समस्या को हल करने के लिए कंपनी ने एक ऐसा माउस बनाया है जो ओवरवर्किंग की दिक्कत को दूर कर देगा।
कंपनी ने आगे कहा कि यह कोई साधारण माउस नही है, इसमें कर्मचारियों को जरूरत से ज्यादा काम करने से रोकने का फीचर भी दिया गया है। ओवरटाइम करने पर यह फीचर एक्टिव हो जाता है। यह हाथ की एक्टिविटी का पता लगाता है और मौका मिलते ही अपने पहिए इस्तेमाल करके दूर चला जाता है। इसके बाद यदि आप माउस को जबरदस्ती पकड़ने की कोशिश करेंगे तो इसका मेन पार्ट बाहर निकल जाता है और यह काम करना बंद कर देता है।