पावर बैंक की छुट्टी कर देंगे Redmi के नए स्मार्टफोन्स: मिलेगी 10,000mAh की जबरदस्त बैटरी, फटाफट होंगे चार्ज
Redmi 10000mAh battery phone:
आजकल यूजर्स ऐसे फोन चाहते हैं जो बार-बार चार्ज न करने पड़े और लंबा बैकअप दें। इसी जरूरत को देखते हुए Redmi अब एक बड़ा कदम उठाने जा रही है। लीक्स के मुताबिक, कंपनी तीन नए स्मार्टफोन्स पर काम कर रही है, जिनमें 10,000mAh तक की बैटरी और 100W से ज्यादा फास्ट चार्जिंग मिल सकती है।

विस्तार
Biggest battery smartphone:
मशहूर टिप्स्टर डिजिटल चैट स्टेशन के अनुसार, रेडमी अपनी नोट और के सीरीज के तहत तीन नए स्मार्टफोन लॉन्च करने वाला है, जिनमें 10,000mAh की विशाल बैटरी हो सकती है। ये फोन न केवल लंबी बैटरी लाइफ देंगे, बल्कि 100W+ वायर्ड फास्ट चार्जिंग को भी सपोर्ट करेंगे। कहा जा रहा है कि स्मार्टफोन में इतनी बड़ी बैटरी का संभव होना Silicon Carbon (Si-C) तकनीक की वजह से हुआ है, जिससे फोन भारी या मोटा हुए बिना ज्यादा पावर स्टोर कर सकते हैं।
10,000mAh बैटरी बन रहा नया ट्रेंड
कुछ समय पहले तक 5,000mAh बैटरी को ही बड़ा माना जाता था, लेकिन अब कंपनियां इसे पार करने की कोशिश में है। Honor ने 2025 में 10,080mAh बैटरी वाला फोन लॉन्च किया था, जो इस सेगमेंट का पहला बड़ा कदम था। भारत में भी रियलमी ने P4 Power 5G और Narzo Power 5G जैसे फोन्स में 10,000mAh बैटरी दी है। अब Redmi इस रेस को और आगे ले जाने की तैयारी में है।
लीक्स की मानें तो रेडमी अपने सबसे लोकप्रिय Note सीरीज और प्रीमियम K सीरीज में इन बैटरी का इस्तेमाल करेगा। वर्तमान में रेडमी के पास Redmi Turbo 5 मैक्स है जिसमें 9,000mAh की बैटरी मिलती है, लेकिन नए मॉडल्स इसे भी पीछे छोड़ देंगे। अब लोगों को लग रहा होगा कि यह फोन काफी भारी होगा, लेकिन एसा न हीं है। पारंपरिक ग्रेफाइट एनोड की जगह अब सिलिकॉन कार्बन का उपयोग हो रहा है। सिलिकॉन में ग्रेफाइट के मुकाबले ज्यादा एनर्जी स्टोर करने की क्षमता होती है। इस तकनीक की बदौलत आज के 7,000mAh या 10,000mAh वाले फोन दो साल पुराने 5,000mAh फोन्स जितने ही पतले और हल्के दिखते हैं।
कितनी जल्दी चार्ज होगा फोन?
सिर्फ बड़ी बैटरी ही नहीं, उसे जल्दी चार्ज करना भी बड़ी बात मानी जाती है। रेडमी इन मॉडल्स के साथ 100W से ज्यादा की वायर्ड चार्जिंग देने वाला है। इसका मतलब है कि इतनी बड़ी बैटरी भी मात्र 30-40 मिनट के भीतर फुल चार्ज हो सकेगी। हालांकि बाजार में रेडमी ही अकेला नहीं है। Realme (P4 Power 5G) और Honor (WIN Series) पहले ही 10,000mAh का आंकड़ा छू चुके हैं।
भारत में कब आएगा?
रेडमी K सीरीज अक्सर चीन तक सीमित रहती है या भारत में पोको ब्रांड के तहत आती है। वहीं, नोट सीरीज के ग्लोबल वर्जन में अक्सर स्पेसिफिकेशन बदल दिए जाते हैं। जानकारों के अनुसार भारतीय ग्राहकों को इन मॉडल्स के लिए फिलहाल कुछ महीनों का इंतजार करना पड़ सकता है।