144Hz रिफ्रेश रेट डिस्प्ले के साथ Redmi K30S हुआ लॉन्च

शाओमी ने के सीरीज के नए स्मार्टफोन Redmi K30S को आधिकारिक तौर पर लॉन्च कर दिया है। Redmi K30, Redmi K30 Pro और Redmi K30 Ultra के बाद इस सीरीज का यह चौथा फोन है जो कि Mi 10T का रिब्रांडेड वर्जन है। Redmi K30S में 144Hz की डिस्प्ले दी गई है। इसके अलावा इसमें स्नैपड्रैगन 865 प्रोसेसर है। Redmi K30S में ट्रिपल कैमरा सेटअप है।
Redmi K30S की कीमत
Redmi K30S के 128 जीबी मॉडल की कीमत CNY 2,599 यानी करीब 28,600 रुपये और 256 जीबी मॉडल की कीमत CNY 2,799 यानी करीब 31,000 रुपये है। फोन की बिक्री चीन में इंटरस्टेरल ब्लैक और मूनलाइट सिल्वर कलर वेरियंट में 11 नवंबर से होगी। भारत में इस फोन की लॉन्चिंग की फिलहाल कोई खबर नहीं है। बता दें कि Mi 10T को हाल ही में भारत में 35,999 रुपये की शुरुआती कीमत पर लॉन्च किया गया है।
Redmi K30S की स्पेसिफिकेशन
फोन में एंड्रॉयड 10 आधारित MIUI 12 है। इसके अलावा इसमें 6.67 इंच की फुल एचडी प्लस डिस्प्ले है जिसका रिजॉल्यूशन 1080x2400 पिक्सल और रिफ्रेश रेट 144Hz है। डिस्प्ले पर गोरिल्ला ग्लास 5 का प्रोटेक्शन भी है। फोन में स्नैपड्रैगन 865 प्रोसेसर, 8 जीबी रैम और 256 जीबी तक की स्टोरेज है।
Redmi K30S का कैमरा
Redmi K30S में तीन रियर कैमरे हैं जिनमें मेन लेंस 64 मेगापिक्सल का सोनी IMX682 सेंसर है, वहीं दूसरा लेंस 13 मेगापिक्सल का, तीसरा लेंस 2 मेगापिक्सल का मैक्रो शूटर है। सेल्फी के लिए 20
मेगापिक्सल का लेंस मिलेगा।
Redmi K30S की बैटरी
कनेक्टिविटी के लिए इसमें 5G, 4G LTE, Wi-Fi 6, ब्लूटूथ v5.1, GPS/A-GPS, NFC और टाइप-सी पोर्ट है। फोन के पावर बटन में फिंगरप्रिंट सेंसर है। इसमें 5000mAh की बैटरी है जो 33W की फास्ट चार्जिंग को सपोर्ट करती है।