Redmi 10 Quick Review: आपको क्या-क्या मिलेगा 10,999 रुपये वाले इस स्मार्टफोन में?
Redmi 10 के 4 जीबी रैम के साथ 64 जीबी स्टोरेज की कीमत 10,999 रुपये है। वहीं 6 जीबी रैम के साथ 128 जीबी स्टोरेज की कीमत 12,999 रुपये रखी गई है।

विस्तार
Redmi 10
को रेडमी इंडिया ने हाल ही में बजट फोन की चाहत रखने वालों के लिए पेश किया है। Redmi 10, Redmi 9 का अपग्रेडेड वर्जन है। Redmi 10 में वाटरड्रॉप नॉच डिस्प्ले दी गई है। इसके अलावा फोन में डुअल रियर कैमरा है। इसके अलावा रेडमी के इस फोन में स्नैपड्रैगन 680 प्रोसेसर है। Redmi 10 का मुकाबला भारतीय बाजार में Realme C35, Motorola Moto E40, Tecno Spark 8 Pro और Samsung Galaxy M21 2021 जैसे फोन से होगा। आइए फटाफट रिव्यू में जानते हैं कि इस फोन में आफको क्या-क्या मिलेगा?
Redmi 10 Quick Review: डिजाइन

डिजाइन के मामले में फोन अच्छा है। रियर कैमरे की डिजाइन यूनिक है जो कि किसी का भी ध्यान आकर्षित करेगी। रियर कैमरे के साथ ही फिंगरप्रिंट सेंसर दिया गया है जो कि थोड़ा ऊंचा है। डिजाइन के मामले में तो बढ़िया है लेकिन इस्तेमाल के दौरान फिंगरप्रिंट तक पहुंचने परेशानी होती है। बैक पैनल प्लास्टिक का है और उसपर पैटर्न है जिसकी वजह से अच्छी ग्रिपिंग बनती है। इस बार रेडमी ने इस फोन के साथ बॉक्स में कवर नहीं दिया है।

बॉक्स में आपको एक एडाप्टर, एक टाईप-सी केबल और यूजर मैनुअल के साथ सिम कार्ड इजेक्टर पिन मिलता है। सभी बटन राइट में दिए गए हैं। लेफ्ट में सिर्फ सिम कार्ड ट्रे है। नीचे की ओर स्पीकर, टाईप-सी पोर्ट है और ऊपर में हेडफोन जैक को जगह मिली है। फोन को मिडनाइट ब्लैक, पैसिफिक ब्लू और कैरिबियन ग्रीन कलर में खरीदा जा सकेगा। हमारे पास रिव्यू के लिए कैरिबियन ग्रीन कलर था।

Redmi 10 Quick Review: डिस्प्ले

इसमें 6.7 इंच की HD+ डिस्प्ले है जिसकी ब्राइटनेस 400 निट्स है। डिस्प्ले पर गोरिल्ला ग्लास 3 का प्रोटेक्शन है। रेडमी के इस बजट स्मार्टफोन के डिस्प्ले का रिफ्रेश रेट 90Hz है और डिस्प्ले पैनल LCD का है। वीडियो देखने और हल्के गेमिंग के लिए डिस्प्ले के साथ कोई दिक्कत नहीं है।

कलर्स अच्छे हैं और स्क्रॉल भी बढ़िया है। डिस्प्ले का रिजॉल्यूशन 1080x2400 पिक्सल है। ब्राइटनेस कम होने के कारण सीधी धूप में थोड़ी दिक्कत होती है। ओवरऑल अपनी कीमत में डिस्प्ले अच्छी है। बड़ी डिस्प्ले की चाहत रखने वालों को फोन पसंद आएगा।