Realme U1 रिव्यू: कितना दम है P70 प्रोसेसर वाले दुनिया के पहले स्मार्टफोन में

भारत में बहुत ही तेजी से अपनी पहचान बनाने वाली स्मार्टफोन निर्माता कंपनी रियलमी ने हाल ही में अपना नया स्मार्टफोन रियलमी यू1 (Realme U1) लांच किया है। यू सीरीज के तहत भारत में लांच होने वाला रियलमी का यह पहला स्मार्टफोन है, साथ ही में दुनिया का यह पहला स्मार्टफोन है जिसमें मीडियाटेक का लेटेस्ट हीलियो पी70 प्रोसेसर इस्तेमाल हुआ है। रियलमी यू1 की भारत में बिक्री भी शुरू हो गई है। कंपनी ने इस फोन को सेल्फी प्रो नाम दिया है। रियलमी यू1 को हमने 1 सप्ताह तक इस्तेमाल किया तो आइए रिव्यू में जानते हैं कि रियलमी का यह नया स्मार्टफोन कितना क्रांतिकारी और अन्य स्मार्टफोन पर यह कितना भारी पड़ता है।
रियलमी यू1 की स्पेसिफिकेशन और कीमत
इस फोन में डुअल 4जी वीओएलटीई सपोर्ट के साथ एंड्रॉयड ओरियो 8.0 आधिरत कलर ऑपरेटिंग सिस्टम दिया गया है। इसके अलावा इसमें मीडियाटेक का लेटेस्ट ऑक्टाकोर हीलियो P70 प्रोसेसर है और ग्राफिक्स के लिए एआरएम जी72 जीपीयू दिया गया है। यह फोन 3 जीबी रैम व 32 जीबी स्टोरेज व 4 जीबी रैम व 64 जीबी स्टोरेज वेरियंट में मिलेगा। Realme U1 की इनबिल्ट स्टोरेज को मेमोरी कार्ड की मदद से 256 जीबी तक बढ़ाया जा सकेगा। Realme U1 में 6.3 इंच की फुलएचडी प्लस डिस्प्ले दी गई है जिसका रिजॉल्यूशन 2340x1080 और आस्पेक्ट रेशियो 19.5:9 है। डिस्प्ले पर आपको 2.5D गोरिल्ला ग्लास 3 का प्रोटेक्शन मिलेगा। यह फोन आपको स्क्रीन गार्ड और कवर के साथ मिलता है। फोन में 3500mAh की बैटरी दी गई है जिसके साथ 10 वॉट का चार्जर मिलेगा, हालांकि इसमें फास्ट चार्जिंग का सपोर्ट नहीं है। कनेक्टिविटी के लिए इसमें दो सिम कार्ड के साथ एक मेमोरी कार्ड स्लॉट दिया गया है। इसके अलावा इसमें वाई-फाई, ब्लूटूथ 4.2, फिंगरप्रिंट सेंसर, फेस अनलॉक, माइक्रो यूएसबी और 3.5 एमएम का हेडफोन जैक मिलेगा। Realme U1 के 3 जीबी रैम व 32 जीबी स्टोरेज वेरियंट की कीमत 11,999 रुपये और 4 जीबी रैम व 64 जीबी स्टोरेज वेरियंट की कीमत 14,499 रुपये है।

रियलमी यू1 की डिजाइन और डिस्प्ले
रियलमी यू1 की डिजाइन आपको पसंद आएगी। हाथ में लेने पर फोन भारी नहीं लगता है इसका वजन 168 ग्राम है जो कि ठीक है। इस फोन के हाथ से फिसलने को लेकर आपको परेशान नहीं होना है, क्योंकि शानदार ग्रिप और मैट फिनिश होने के कारण रियलमी यू1 हाथ से फिसलता नहीं है। फोन को एक हाथ से इस्तेमाल करने में कोई दिक्कत नहीं है, पावर बटन और वॉल्यूम बटन तक आसानी से पहुंचा जा सकता है। फोन में सिम कार्ड स्लॉट बायीं ओर वॉल्यूम बटन के ऊपर दिया गया है, वहीं पावर बटन दायीं ओर है। फोन के ठीक नीचे बायीं ओर स्पीकर ग्रिल, बीच में माइक्रो यूएसबी पोर्ट और फिर 3.5 एमएम का हेडफोन जैक मिलता है। फोन के बैक पैनल पर कैमरे के नीचे बीच में गोलाकार फिंगरप्रिंट सेंसर है और उसके ऊपर बायीं ओर डुअल रियर कैमरा सेटअप है।

कैमरे के बगल में फ्लैश लाइट दी गई है। अब डिस्प्ले की बात करें तो रियलमी यू1 में वाटरड्रॉप नॉच डिस्प्ले मिलती है और नॉच के ठीक ऊपर ही आपको स्पीकर मिलता है। डिस्प्ले पर दिया गया स्क्रीन गार्ड कुछ खास नहीं है, ऐसे में इस पर खरोंच आने का डर रहेगा। रिव्यू के दौरान फोन की डिस्प्ले पर कुछ खरोंचें आईं। डिस्प्ले पर नोटिफिकेशन के लिए आपको लाइट नहीं मिलती है। हमें रिव्यू के लिए ब्रेव ब्लू कलर वेरियंट मिला था, वैसे यह फोन एंबिशियस ब्लैक और फियरी गोल्ड वेरियंट में भी उपलब्ध है। डिस्प्ले का व्यू एंगल बढ़िया है और ऑटो मोड में ब्राइटनेस लेवल अच्छे तरीके से काम करता है। वीडियो देखने और गेम खेलने में डिस्प्ले को लेकर कोई समस्या नहीं आएगी। सैमसंग गैलेक्सी नोट 9 की तरह इस फोन में आपको डिस्प्ले की दायीं ओर एक टॉगल मिलता है जिसमें आप कई सारे ऐप को शॉर्टकट के रूप में रख सकते हैं। इस फीचर का इस्तेमाल आप तब कर सकते हैं जब आपकी होम स्क्रीन ऐप से फुल हो गई हो और आपको अन्य ऐप भी होम स्क्रीन पर रखने हों।

रियलमी यू1 का कैमरा
Realme U1 के कैमरे की बात करें तो इसमें डुअल रियर कैमरा सेटअप है जिसमें एक कैमरा 13 मेगापिक्सल का f/2.2 अपर्चर वाला और दूसरा 2 मेगापिक्सल का f/2.4 अपर्चर वाला है। दोनों कैमरे के साथ आपको फ्लैश लाइट मिलेगी, हालांकि फ्रंट में आपको डिस्प्ले की लाइट मिलेगी जो कि किसी काम की नहीं है, क्योंकि अंधेरे में फ्रंट कैमरे से फोटो क्लिक करने में डिस्प्ले की लाइट कुछ खास मदद नहीं करती है। इस फोन में 25 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा है जिसमें सोनी IMX576 सेंसर है और इस लेंस का अपर्चर f/2.0 है। कैमरे के परफॉर्मेंस की बात करें तो दिन की रौशनी में आप शानदार फोटो क्लिक कर सकेंगे लेकिन कम रौशनी या कमरे की रौशनी में आपको परेशानी हो सकती है। कम रौशनी में फोटो के साथ काफी न्वाइज आती हैं, ऐसे में फोटो साफ क्लिक नहीं होती है।


रियर कैमरे के साथ की स्पीड हमें रिव्यू के दौरान काफी पसंद आई। हमने सड़क पर दौड़ती कार व बाइक की फोटो अपनी कार में बैठकर क्लिक की और हमें एक बेहतरीन फोटो मिली। फोटो में कहीं भी ब्लर नहीं आया।

ऐसे में एक्शन फोटोग्राफी में भी रियलमी यू1 आपकी मदद कर सकता है। कैमर का जूम भी अच्छा है। पोट्रेट मोड की बात करें यह अच्छी फोटो क्लिक करता है लेकिन कई बार फोटो बर्न हो जाती है। कैमरे का ऑटोफोकस औसत है। कैमरे में एक एक्सपर्ट मोड है जो कि एक तरह से मैनुअल मोड है। रियर कैमरे के साथ आपको स्लो मोशन, टाइम लैप्स, वीडियो, फोटो, पोट्रेट मोड, स्टीकर, पैनोरमा और एक्सपर्ट जैसे मोड मिलते हैं। रियर और फ्रंट दोनों कैमरे के साथ आपको एआई का सपोर्ट मिलता है, हालांकि एआई मोड कई लोगों को पसंद नहीं आएगा, क्योंकि यह फोटो को कुछ ज्यादा ही स्मूथ कर देता है।
पोट्रेट मोड में आपको बायकलर लाइट जैसे पांच स्टूडियो इफेक्ट भी मिलते हैं। फ्रंट कैमरे के साथ आपको मैनुअल मोड नहीं मिलता है और ना ही स्लो मोशन मोड मिलता है। ग्रुप सेल्फी भी औसत है, क्योंकि कैमरा सभी लोगों पर फोकस नहीं कर पाता है, ऐसे में ग्रुप सेल्फी में कई लोगों के चेहरे साफ नहीं आ पाते। कैमरे के साथ आपको इलेक्ट्रॉनिक इमेज स्टेबलाइजेशन नहीं मिलता जो कि निराशाजनक है। गौर करने वाली बात यह है कि रियलमी 2 प्रो में आपको इलेक्ट्रॉनिक इमेज स्टेबलाइजेशन का सपोर्ट मिलता है। रियलमी यू1 के कैमरे की मदद से आप 1080 पिक्सल पर वीडियो रिकॉर्ड कर सकते हैं, हालांकि दमदार प्रोसेसर के बावजूद आपको 4के वीडियो रिकॉर्डिंग का सपोर्ट नहीं मिलता है। लो लाइट में रिकॉर्ड की गई वीडियो की क्वालिटी कुछ खास नहीं रही।


रियलमी यू1 का बैटरी बैकअप और परफॉरमेंस
अब फोन की बैटरी और परफॉर्मेंस का सवाल है तो सबसे पहले बैटरी की बात करते हैं। रियलमी यू1 में आपको फास्ट चार्जिंग का सपोर्ट नहीं मिलता है, ऐसे में फोन की बैटरी को फुल चार्ज होने में 2 घंटे 17 मिनट का वक्त लगता है, हालांकि बैटरी का बैकअप बढ़िया है। दैनिक इस्तेमाल में फोन की बैटरी डेढ़ दिन तक का बैकअप है। रियलमी यू1 के साथ आप 5 घंटे तक लगातार वीडियो देख सकते हैं और इसके बाद आपके फोन में 30 फीसदी तक बैटरी बची रहेगी। वैसे हमें उम्मीद थी कि कंपनी रियलमी यू1 के साथ यूएसबी टाइप-सी चार्जिंग पोर्ट और फास्ट चार्जिंग का सपोर्ट देगी लेकिन रियलमी ने इस मामले में हमें निराश किया। रिव्यू के लिए हमें 4 जीबी रैम और 64 जीबी स्टोरेज वाला वेरियंट मिला था। 64 जीबी में से आपको फोन के साथ 49.9 जीबी स्टोरेज मिलती है।

फोन में आपको फेसबुक, यूसी ब्राउजर जैसे कई सारे ऐप पहले से इंस्टॉल्ड मिलते हैं जिनमें से कईयों को आप डिलीट भी कर सकते हैं। एक साथ कई सारे ऐप को इस्तेमाल करने में कोई दिक्कत नहीं होती है। हीलियो पी70 प्रोसेसर फोन को कायदे से हैंडल करता है। गेमिंग के दौरान भी फोन के अटकने जैसी दिक्कत नहीं आई, हालांकि लंबे समय तक पबजी जैसे गेम खेलने पर फोन थोड़ा सा गर्म होता है। वैसे चार्जिंग के दौरान गर्म होने की समस्या नहीं है। रियलमी यू1 का ऑडियो बढ़िया है और माइक भी अच्छे से काम करता है। आवाज एकदम साफ आती है और वॉयस रिकॉर्डिंग बढ़िया है। फोन की बिल्ड क्वालिटी भी अच्छी है। फोन में नेटवर्क के अचानक से जाने की दिक्कत नहीं है। इस बार रियलमी में बड़ा फैसला लेते हुए नोटिफिकेशन के टू-स्टेप स्वाइप को हटा दिया है। अब आप दायीं ओर एक बार स्वाइप करके नोटिफिकेशन को हटा सकते हैं, हालांकि यदि आप बायीं ओर स्वाइप करते हैं तो आपको फिर से टू स्टेप को फॉलो करना पड़ेगा। नोटिफिकेशन के साथ स्वाइप का सपोर्ट देने के लिए रियलमी का शुक्रिया। रियलमी का फेस अनलॉक और फिंगरप्रिंट सेंसर तेजी से काम करते हैं।
खास फीचर
इस फोन में कंपनी ने स्मार्ट स्कैन नाम से एक ऐप दिया है जिसकी मदद से आप किसी फोटो पर लिखे टेक्स्ट को स्कैन करके कॉपी कर सकते हैं और साथ ही उसे हिन्दी समेत कई भाषाओं में अनुवाद भी कर सकते हैं। इसके अलावा कंपनी ने रियलमी यू1 में स्क्रीन रिकॉर्डर, करेंसी कन्वर्टर और स्टेप ट्रैकर जैसे कई काम के ऐप्स दिए हैं। रियलमी यू1 में गेम स्पेस नाम से एक ऐप है जो गेमिंग में आपकी मदद करेगा। यह ऐप फोन में गेम होने के बावजूद स्पेस बचाने और बैटरी बचाने में मदद करेगा। इसके अलावा इस फोन में क्लोन फोन नाम से एक ऐप है जिसकी मदद से आप किसी भी एंड्रॉयड या आईफोन से अपने डाटा को आसानी से नए फोन में ट्रांसफर कर सकते हैं।


फैसला
कुल मिलाकर कहें तो यदि आपकी प्राथमिकता बेहतर कैमरा, फोटोग्राफी नहीं है तो आप रियलमी यू1 को खरीद सकते हैं, क्योंकि इस फोन में कैमरा औसत है लेकिन प्रोसेसर, बैटरी और डिजाइन शानदार है। यदि आपको अच्छी फोटोग्राफी करनी है तो आप रियलमी यू1 की जगह रियलमी 2 प्रो खरीद सकते हैं, क्योंकि रियलमी 2 प्रो में आपको इलेक्ट्रॉनिक इमेज स्टेबलाइजेशन का सपोर्ट मिलता है।