Realme GT Neo 5: स्नैपड्रैगन के पावरफुल प्रोसेसर से लैस होगा यह फ्लैगशिप फोन, लॉन्च से पहले जानकारी आई सामने
Realme GT Neo 5 में 240W फास्ट चार्जिंग मिल सकती है। दावा है कि इससे फोन 20 मिनट में ही फुल चार्ज हो जाएगा। अगर ऐसा होता है तो यह अब तक का सबसे फास्ट चार्जिंग वाला फोन होने वाला है।

विस्तार
स्मार्टफोन ब्रांड रियलमी जल्द अपने नए फ्लैगशिप और गेमिंग फोन सीरीज जीटी के तहत एक और नए फोन Realme GT Neo 5 को भारत में लॉन्च कर सकता है। दावा किया जा रहा है कि इस फोन को फरवरी में मोबाइल वर्ल्ड कांग्रेस (MWC 2023) के दौरान लॉन्च किया जा सकता है। फोन की जानकारी बेंचमार्किंग वेबसाइट गीकबेंच पर सामने आ गई है। वेबसाइट से रियलमी जीटी नियो 5 के फीचर्स की जानकारी भी सामने आई है। लीक्स के अनुसार, इस फोन को स्नैपड्रैगन 8+ जेन 1 प्रोसेसर से लैस किया जाएगा। Realme GT Neo 5 के साथ एंड्रॉयड 13 आउट-ऑफ-द-बॉक्स मिल सकता है। गीकबेंच लिस्टिंग से पता चलता है कि इस फोन को 16 जीबी रैम के साथ पेश किया जाएगा।
रियलमी के फोन की गीकबेंच पर RMX3708 मॉडल नंबर के साथ लिस्टिंग की गई है। यह मॉडल नंबर TENAA सर्टिफिकेशन वेबसाइट लिस्टिंग के अनुसार Realme GT Neo 5 से जुड़ा है, इसकी जानकारी पहले ऑनलाइन सामने आई थी। गीकबेंच लिस्टिंग के मुताबिक, फोन एंड्रॉइड 13 पर चलेगा और 'taro' कोडनेम वाले ऑक्टा-कोर चिपसेट के लैस होगा। इस प्रोसेसर में एक कोर 3.0GHz, तीन 2.50GHz कोर और 1.79GHz के चार कोर का सपोर्ट दिया गया है, जो कि रीयलमी जीटी नियो 5 पर स्नैपड्रैगन 8+ जेन 1 चिपसेट होने की पुष्टि करता है। लिस्टिंग के अनुसार फोन में 16 जीबी रैम मिल सकती है।
Realme GT Neo 5 में 6.7 इंच की 1.5K OLED डिस्प्ले मिल सकती है जिसके साथ 144Hz का रिफ्रेश रेट मिलेगा। वहीं फोन में इन डिस्प्ले फिंगरप्रिंट और ट्रिपल रियर कैमरा सेटअप मिलेगा। फोन में 50 मेगापिक्सल का Sony IMX90 प्राइमरी कैमरा, 8 मेगापिक्सल का अल्ट्रा-वाइड लेंस और 2 मेगापिक्सल का मैक्रो सेंसर मिल सकता है। फोन में 16 मेगापिक्सल का सेल्फी सेंसर दिया जा सकता है।