Realme C1 का 3 जीबी रैम और 32 जीबी स्टोरेज वेरियंट भारत में लांच, जानें कीमत

ओप्पो के सब-ब्रांड रियलमी ने भारत में पिछले साल सितंबर में दो नए स्मार्टफोन लांच किए थे जिनमें रियलमी 2 प्रो और रियलमी सी1 शामिल हैं। इनमें से रियलमी सी1 (रिव्यू) कंपनी का सबसे सस्ता स्मार्टफोन है। रियलमी सी1 पहले सिर्फ 2 जीबी रैम व 16 जीबी स्टोरेज वेरियंट में उपलब्ध था, वहीं अब कंपनी ने रियलमी सी1 का 3 जीबी रैम व 32 जीबी स्टोरेज वाला वेरियंट भी भारतीय बाजार में पेश कर दिया है। रियलमी सी1 की खासियतों की बात करें तो इस फोन में 4230 एमएएच की बैटरी दी गई है और क्वॉलकॉम स्नैपड्रैगन 450 प्रोसेसर वाला दुनिया का सबसे सस्ता स्मार्टफोन है।
रियलमी सी1 की स्पेसिफिकेशन और कीमत
रियमली सी1 में 6.2 इंच की एचडी प्लस डिस्प्ले है जिसका रिजॉल्यूशन 1520x720 पिक्सल है। डिस्प्ले का आस्पेक्ट रेशियो 19:9 है और डिस्प्ले पर कॉर्निंग गोरिल्ला ग्लास का प्रोटेक्शन भी है। फोन का वजन 168 ग्राम है और इसमें एंड्रॉयड ओरियो 8.1 आधारित कलर ओपरेटिंग सिस्टम है।। इसके अलावा इस फोन में 2 जीबी रैम और 16 जीबी स्टोरेज है जिसे 256 जीबी तक मेमोरी कार्ड की मदद से बढ़ाया जा सकता है। इसके अलावा रियलमी सी1 में क्वॉलकॉम का ऑक्टाकोर स्नैपड्रैगन 450 प्रोसेसर है।

रियलमी सी1 के कैमरे की बात करें तो इस फोन में डुअल रियर कैमरा (13+2 मेगापिक्सल) और 5 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा है। इस फोन में 4230mAh की बैटरी दी गई है और कनेक्टिविटी के लिए इसमें डुअल 4जी वीओएलटीई, वाई-फाई, फेस अनलॉक, ब्लूटूथ वी4.2 जैसे फीचर्स दिए हैं। इसमें दो सिम के साथ एक साथ मेमोरी कार्ड भी इस्तेमाल किया जा सकता है। तीनों स्लॉट एक ही ट्रे में मिलेंगे। इस फोन के 2 जीबी रैम व 16 जीबी स्टोरेज वेरियंट की कीमत 7,499 रुपये और 3 जीबी रैम के साथ 32 जीबी स्टोरेज वेरियंट की कीमत 8,499 है। रियलमी सी1 का नया वेरियंट 5 फरवरी से फ्लिपकार्ट से खरीदा जा सकेगा।