RD SP-12 Soundbar Review: क्या आपके टीवी के लिए परफेक्ट है यह 15W का साउंडबार?

घरेलू कंपनी आरडी एक्सेसीरीज (RD Accessories) की शुरुआत 2002 में हुई थी। उसके बाद से कंपनी ने स्मार्टवॉच से लेकर स्मार्ट स्पीकर तक कई प्रोडक्ट पेश किए हैं। RD एक्सेसीरीज के पास पावरबैंक और फास्ट चार्जिंग केबल भी मौजूद हैं। इसी कड़ी में कंपनी ने कुछ दिन पहले RD SP-12 को पेश किया है जो कि एक वायरलेस साउंडबार है। RD SP-12 को ऐसे ग्राहकों को ध्यान में रखकर लॉन्च किया है जिनके टीवी की आवाज कम है और वे कम कीमत में एक अच्छे लुक के साथ कोई स्पीकर या साउंडबार की तलाश में हैं। RD SP-12 साउंडबार को हमने कुछ दिनों तक इस्तेमाल किया है। आइए रिव्यू में जानते हैं कि क्या यह आपके टीवी के लिए परफेक्ट है?

RD SP-12 Soundbar Review: डिजाइन
RD SP-12 के साथ साउंडबार वाली डिजाइन देने की पूरी कोशिश की गई है। यदि आपके पास 32 इंच का कोई टीवी है तो उसके साथ इसकी जोड़ी जमेगी, लेकिन इससे बड़ी टीवी है तो उसके साथ इसका लुक बढ़िया नहीं लगेगा। RD SP-12 की डिजाइन प्रीमियम है और इसका कुल वजन 730 ग्राम है। स्पीकर के सामने की ओर नेट डिजाइन के साथ एक मेटल फ्रेम है। बॉडी प्लास्टिक की है और पीछे की ओर कट दिया गया है जो कि डिजाइन के लिए है।

नीचे की ओर स्टेबलिटी के लिए दो ग्रिप भी दिए गए हैं। इस स्पीकर में ऊपर की ओर वॉल्यूम बटन के साथ कॉलिंग और मेमोरी कार्ड मोड के लिए भी बटन दिया गया है। साउंडबार के पीछे की ओर पावर बटन के साथ चार्जिंग के लिए टाईप-सी पोर्ट, ऑक्स पोर्ट, यूएसबी और मेमोरी कार्ड स्लॉट दिए गए हैं। वॉटरप्रूफ के लिए इसे IPX4 की रेटिंग मिली है और यह स्पीकर सिर्फ एक ही कलर ब्लैक में मिलेगा। कुल मिलाकर डिजाइन और बिल्ड क्वॉलिटी अच्छी कही जाएगी।