PTron Tangent Pro रिव्यू: 999 रुपये में एक बेहतरीन ब्लूटूथ हेडफोन

PTron ने कुछ दिन पहले ही भारत में अपना नया ब्लूटूथ हेडफोन नेकबैंड PTron Tangent Pro लांच किया है। PTron Tangent Pro की कीमत 2,000 रुपये है लेकिन PTron की वेबसाइट से इस सिर्फ 999 रुपये में खरीदा जा सकता है। बता दें कि इससे पहले कंपनी ने PTron Tangent ब्लूटूथ नेकबैंड लांच किया था और PTron Tangent Pro इसका अपग्रेडेड वर्जन है। PTron Tangent Pro नेकबैंड हमें रिव्यू के लिए मिला था जिसे हमने 15 दिनों तक इस्तेमाल किया। तो आइए रिव्यू में जानते हैं कि 999 रुपये वाले PTron Tangent Pro ब्लूटूथ हेडफोन आपके लिए कितना बढ़िया है।

PTron Tangent Pro की स्पेसिफिकेशन और कीमत
PTron Tangent Pro में 140 एमएएच की बैटरी है जिसे लेकर कंपनी ने 6 घंटे के बैकअप का दावा किया है। इसके अलावा इसकी रेंज 10 मीटर है। इसमें ब्लूटूथ 4.2 दिया गया है। इसकी कीमत 999 रुपये है और इसे रेड/ब्लैक और ग्रे/ब्लैक दो कलर वेरियंट में कंपनी की वेबसाइट के अलावा फ्लिपकार्ट और अमेजॉन जैसी साइट्स से ऑनलाइन खरीदा जा सकता है। इसमें मैग्नेटिक ईयरबड्स दिए गए हैं। इसे एंड्रॉयड फोन, आईफोन, लैपटॉप और कंप्यूटर से कनेक्ट किया जा सकता है। ईयरफोन के साथ बॉक्स में आपको एक माइक्रो यूएसबी केबल मिलता है।

PTron Tangent Pro की डिजाइन
डिजाइन की बात करें तो पीट्रोन टैंजेंट प्रो की डिजाइन शानदार है और इसका वजन भी सिर्फ 25 ग्राम है। इसकी बॉडी प्लास्टिक की है लेकिन मजबूत है। PTron Tangent Pro में ईयरबड्स नहीं दिया गया है जो कि हमें काफी पसंद आया, क्योंकि इसे इस्तेमाल करने पर कान पूरी तरह से पैक नहीं होता है। इसमें वायर और बटन रेड कलर में और बैंड ब्लैक कलर में है। अन्य हेडफोन की तरह PTron Tangent Pro में भी पॉवर और वॉल्यूम बटन दाहिनी ओर दिए गए हैं, वहीं चार्जिंग पोर्ट भी दाहिनी ओर ही है। यह हेडफोन रेड/ब्लैक और ग्रे/ब्लैक दो कलर वेरियंट में उपलब्ध है। हमें रिव्यू के लिए रेड/ब्लैक वेरियंट मिला था। इयरफोन का नेकबैंड काफी लचीला है, ऐसे में यह आसानी से टूटेगा नहीं।

PTron Tangent Pro की बैटरी लाइफ
PTron ने अपने इस नेकबैंड की बैटरी की चार्जिंग टाइम को लेकर 2 घंटे का दावा किया है लेकिन रिव्यू के दौरान हमने पाया इसे फुल चार्ज करने में 2 घंटे 30 मिनट का वक्त लगता है, हालांकि बैटरी लाइफ अच्छी है। एक बार की फुल चार्जिंग में आप दो फिल्में आसानी से देख सकते हैं। इसके बाद इसकी बैटरी 15 फीसदी तक बची रहती है।

PTron Tangent Pro की परफॉर्मेंस
पीट्रोन टैंजेंट प्रो इसमें दिया गया मैग्नेटिक इयरबड्स हमें काफी पसंद आया, क्योंकि इस्तेमाल ना होने की स्थिति में ये दोनों आपस में चिपक जाते हैं। ऐसे में दौड़ने और जिम में भी इस इस्तेमाल करने में काफी सहूलियत होती है। इयरबड्स के आपस में चिपक जाने के कारण इसके गिरने का डर नहीं रहता है। ईयरबड्स ना होने के बावजूद यह कान से गिरता नहीं है। 999 रुपये वाले इस हेडफोन की बैटरी लाइफ को भी लेकर हमें कोई शिकायत नहीं है, क्योंकि एक आम यूजर को यह हेडफोन दो दिन तक का बैकअप देता है।

रिव्यू के दौरान हमने दिनभर इसे ऑन करके रखा, हालांकि इस दौरान इसमें हमने करीब 2 घंटे तक म्यूजिक प्ले किया और बाकि समय कॉलिंग के लिए इस्तेमाल किया। इसके बाद अगले दिन हमें शाम को ही इसे चार्ज करना पड़ा। इस हेडफोन के साथ बात करने में कोई परेशानी नहीं होती है, आवाज बिलकुल साफ आती है। इसमें दिया गया माइक शानदार है। वॉल्युम और पॉवर बटन भी तेजी से काम करते हैं। ऑडियों में बेस को लेकर कई लोगों को शिकायत हो सकती है, क्योंकि इसका बेस सामान्य है। ऑडियो क्वालिटी ऑरिजनल है। फुल वॉल्यूम पर भी आवाज फटती नहीं है। कुल मिलाकर कहें तो यदि आप कम कीमत में किसी अच्छे ब्लूटूथ हेडफोन की तलाश में हैं तो PTron Tangent Pro आपके लिए एक शानदार विकल्प है।