Oppo Find X आज भारत में हो रहा है लॉन्च, इसमें है स्लाइडर कैमरा

ओप्पो का नया और दुनिया का सबसे अनोखा फोन ओप्पो फाइंड एक्स आज भारत में लॉन्च होने वाला है। फोन की लॉन्चिंग नई दिल्ली में आयोजित एक इवेंट में दोपहर 12.30 बजे होगी। इस फोन की सबसे बड़ी खासियत की बात करें तो इसमें स्लाइडर कैमरा दिया गया है जिसमें फ्रंट और रियर दोनों कैमरे हैं। बता दें कि ओप्पो फाइंड एक्स को कंपनी ने पिछले महीने पेरिस में पहली बार लॉन्च किया था। इसके अलावा फोन में 3डी फेशियल रिकॉग्निशन भी दिया गया है।
ओप्पो फाइंड एक्स में पॉप अप कैमरा दिया गया है जो कि फोन के अंदर है। उदाहरण के तौर पर अगर आपको फोटो क्लिक करना है तो आपको फोन को एक कमांड देना होगा जिसके बाद फोन के अंदर से कैमरा ऊपर की ओर निकलेगा और आप फोटो क्लिक कर पाएंगे।
ओप्पो फाइंड एक्स में 6.4 इंच की ओएलईडी डिस्प्ले है जिसमें 93.8 फीसदी आपको स्क्रीन मिलेगी। इसके अलावा इस फोन में क्वॉलकॉम का स्नैपड्रैगन 845 प्रोसेसर, एंड्रॉयड ओरियो 8.1, डुअल रियर कैमरा है जिसमें एक कैमरा 16 मेगापिक्सल का और दूसरा 20 मेगापिक्सल का है। लॉन्चिंग इवेंट आप लाइव यहां भी देख सकते हैं।
वहीं फ्रंट कैमरा फेस अनलॉक फीचर के साथ 25 मेगापिक्सल का है। इस फोन में 8 जीबी रैम और 256 जीबी की स्टोरेज मिलेगी। फोन में 3730mAh की बैटरी है जो फास्ट चार्जिंग को सपोर्ट करती है। फोन की बैटरी सुपर VOOC फ्लैश चार्जिंग तकनीक को सपोर्ट करती है यानि सिर्फ 35 मिनट में बैटरी फुल हो जाएगी।

फोन के खास फीचर्स की बात करें तो फोन में फिंगरप्रिंट सेंसर की जगह 3डी फेशियल रिकॉग्निशन दिया गया है जो कि आईफोन X जैसा है। फोन में 3.5 एमएम का हेडफोन जैक है और कंपनी का दावा है कि इस फोन को 5 साल तक आसानी से इस्तेमाल किया जा सकता है।
ओप्पो फाइंड एक्स की कीमत की बात करें तो इसकी कीमत 999 यूरो यानि करीब 78,699 रुपये है। यह फोन दो रंगों बोर्डेक्स रेड और ग्लेशियर ब्लू में उपलब्ध होगा। इसके अलावा खबर है कि इस फोन का लेम्बोर्गिनी एडिशन भी लॉन्च किया जाएगा जिसकी कीमत 1,33,913 रुपये होगी