OpenAI: ओपनएआई का बड़ा एलान; 2026 में लॉन्च होगा पहला फिजिकल एआई डिवाइस, एपल के पूर्व डिजाइनर से मिलाया हाथ
चैटजीपीटी बनाने वाली कंपनी ओपनएआई अब एआई सॉफ्टवेयर के बाद हार्डवेयर की दुनिया में भी कदम रखने जा रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, कंपनी 2026 की दूसरी छमाही में अपना पहला फिजिकल एआई डिवाइस लॉन्च कर सकती है, जिसकी सबसे खास बात यह होगी कि इसमें स्क्रीन नहीं होगी और यह पूरी तरह वॉयस कमांड पर काम करेगा।

विस्तार
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) से दुनिया बदलने के बाद अब चैटजीपीटी बनाने वाली कंपनी ओपनएआई स्मार्टफोन और हार्डवेयर की दुनिया में भी उतरने जा रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, ओपनएआई 2026 की दूसरी छमाही में अपना पहला फिजिकल एआई डिवाइस लॉन्च कर सकती है। खास बात यह है कि यह डिवाइस बिना स्क्रीन के होगा और पूरी तरह वॉयस कमांड पर चलेगा।एपल के मशहूर डिजाइनर जॉनी आइव के साथ पार्टनरशिपओपनएआई ने इस नए डिवाइस के लिए एपल के पूर्व चीफ डिजाइनर जॉनी आइव के साथ साझेदारी की है। जॉनी आइव वही डिजाइनर हैं जिन्होंने आईफोन, आईपैड और आईपॉड जैसे बड़े प्रोडक्ट्स का डिजाइन बनाया था। रिपोर्ट्स के अनुसार, ओपनएआई ने 2025 में आइव के हार्डवेयर स्टार्टअप 'आईओ' को करीब 6.5 अरब डॉलर में खरीद लिया था। इस डिवाइस को कंपनी के अंदर 'गमड्रॉप' और 'स्वीटपी' जैसे कोडनेम दिए गए हैं। मकसद है एक ऐसा डिवाइस बनाना जो स्मार्ट भी हो और इस्तेमाल में बहुत आसान भी।
कैसा होगा ओपनएआई का नया डिवाइस?
अभी तक इसकी कोई आधिकारिक फोटो नहीं आई है लेकिन शुरुआती जानकारी के अनुसार यह स्मार्टफोन जैसा नहीं होगा। इसमें स्क्रीन नहीं होगी और यह एआई और आवाज के जरिए काम करेगा। यह बहुत छोटा और हल्का हो सकता है, जिसका वजन लगभग 10 से 15 ग्राम बताया जा रहा है। इसका डिजाइन पेन या छोटे पॉड जैसा हो सकता है, जिसे आप जेब में रख सकते हैं, कपड़ों पर क्लिप कर सकते हैं या गले में पहन सकते हैं।
इसमें क्या-क्या फीचर्स हो सकते हैं?
इस डिवाइस का फोकस 'एम्बिएंट कम्यूटिंग' पर होगा, यानी यह आपके आसपास के माहौल को समझकर काम करेगा। इसके लिए इसमें कैमरा और माइक्रोफोन दिए जा सकते हैं। रिपोर्ट्स का कहना है कि यह हाथ से लिखे नोट्स को टेक्स्ट में बदलकर सीधे आपके चैटजीपीटी अकाउंट में सिंक कर सकता है। यानी एप खोलने की जरूरत नहीं, बस आप बोलकर काम करवा पाएंगे।
एक सहायक डिवाइस होगा ओपनएआई का नया डिवाइस
ओपनएआई के सीईओ सैम ऑल्टमैन ने इसे 'शॉकिंगली सिंपल' (चौंकाने वाला सरल) डिवाइस बताया है। उनका कहना है कि यह स्मार्टफोन को रिप्लेस नहीं करेगा बल्कि फोन और लैपटॉप के साथ मिलकर एक सहायक डिवाइस की तरह काम करेगा। कंपनी इसे मिनिमल डिजाइन में रखना चाहती है ताकि यह यूजर्स की प्राइवेसी का ध्यान रखते हुए मदद कर सके।
क्या हैं लॉन्च और मैन्युफैक्चरिंग प्लान?
ओपनएआई ने इस डिवाइस को बनाने के लिए फॉक्सकॉन को अपना एक्सक्लूसिव मैन्युफैक्चरिंग पार्टनर चुना है। कंपनी चीन की लक्सशेयर (Luxshare) पर निर्भरता कम करके अब वियतनाम या अमेरिका में फैक्ट्री लगाने की योजना बना रही है। शुरुआती लक्ष्य 10 करोड़ यूनिट्स बनाने का है। उम्मीद है कि यह डिवाइस 2026 के अंत तक बाजार में आ सकता है, जबकि इसकी पूरी उपलब्धता 2027 तक हो सकती है।