OnePlus अगले साल लांच करेगा 5G स्मार्टफोन, को-फाउंडर ने किया कंफर्म

भारतीय बाजार में प्रीमियम स्मार्टफोन कैटेगरी में अच्छी-खासी पहचान चुकी चाइनीज स्मार्टफोन निर्माता कंपनी वनप्लस 5जी स्मार्टफोन की तैयारी में है। कंपनी के को-फाउंडर ने इसकी जानकारी दी है। वनप्लस के को-फाउंडर कार्ल पीई (Carl Pei) ने एक इवेंट में कहा है कि साल 2019 में कंपनी अपना पहला 5जी स्मार्टफोन लांच करेगी। बता दें कि वनप्लस का नया स्मार्टफोन वनप्लस 6टी इसी 29 अक्टूबर को लांच होने वाला है। फोन का लांचिंग इवेंट न्यूयॉर्क में होगा
कार्ल पीई ने यह बयान चिपसेट निर्माता कंपनी क्वॉलकॉम के 4G/5G समिट 2018 में दिया है। इस दौरान क्वॉलकॉम के प्रसिडेंट क्रिस्टियानो आमोन भी मौजूद थे। 5जी को लेकर वनप्लस का मुकाबला सैमसंग, हुवावे जैसी कंपनियों से है, क्योंकि ये कंपनियां भी 5जी पर काम कर रही हैं।
बता दें कि Ericsson भी 5जी पर पिछले दो सालों से काम कर रही है और इसके लिए Ericsson ने भारत में कई शिक्षण संस्थान और टेलीकॉम कंपनियों से साझेदारी भी की है। कंपनी जल्द ही अपने 5जी प्लान के बारे में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस करने वाली है।
अभी तक लीक रिपोर्ट की मानें तो वनप्लस 6टी में 6.4 इंच की एमोलेड डिस्प्ले होगी और स्क्रीन का रेशियो 19:9 होगा। इसके अलावा फोन की डिस्प्ले पर कॉर्निंग गोरिल्ला ग्लास का प्रोटेक्शन और इन-डिस्प्ले फिंगरप्रिंट सेंसर मिलेगा। वनप्लस 6टी में स्नैपड्रैगन 845 प्रोसेसर, 3700mAh की बैटरी और डैश चार्जिंग का सपोर्ट मिलेगा।