OnePlus Nord CE 2 5G Review: क्या पैसा वसूल है वनप्लस का 23,999 रुपये वाला यह फोन?
OnePlus Nord CE 2 5G के 6 जीबी रैम के साथ 128 जीबी स्टोरेज की कीमत 23,999 रुपये रखी गई है। वहीं 8 जीबी रैम के साथ 128 जीबी स्टोरेज की कीमत 24,999 रुपये है।

विस्तार
OnePlus इंडिया ने अपने सबसे सस्ते स्मार्टफोन OnePlus Nord CE 2 5G को इसी साल फरवरी में भारत में पेश किया है। यह वनप्लस की नॉर्ड सीरीज का नया मेंबर है। OnePlus Nord CE 2 5G, पिछले साल लॉन्च हुए OnePlus Nord और 2 OnePlus Nord CE का अपग्रेडेड वर्जन है। वनप्लस के इस फोन का मुकाबला Realme 9 Pro+ 5G, Xiaomi 11i 5G और Redmi Note 11 Pro+ जैसे स्मार्टफोन के साथ है।

OnePlus Nord CE 2 5G के 6 जीबी रैम के साथ 128 जीबी स्टोरेज की कीमत 23,999 रुपये रखी गई है। वहीं 8 जीबी रैम के साथ 128 जीबी स्टोरेज की कीमत 24,99 रुपये है। फोन को बहामा ब्लू और ग्रे मिरर कलर में अमेजन से खरीदा जा सकता है। आइए रिव्यू में जानते हैं कि इस फोन के लिए आपको पैसे खर्च करने चाहिए या नहीं?
OnePlus Nord CE 2 5G Review: डिजाइन

OnePlus Nord CE 2 लुक के लिहाज से एक बढ़िया फोन है लेकिन इस लुक के साथ आपको वनप्लस का ब्रांड वैल्यू नजर नहीं आएगा। यह फोन Nord CE के मुकाबले डिजाइन के मामले में बहुत ही कम अलग है। यह थोड़ा-सा प्रीमियम नजर आता है। इसकी डिजाइन काफी हद तक Oppo Reno 7 जैसी है। OnePlus Nord CE 2 के साथ प्लास्टिक फ्रेम मिलता है लेकिन बैक पैनल गोरिल्ला ग्लास 5 का है। डिस्प्ले पर भी यही ग्लास है। बैक पैनल की फिनिशिंग ग्लॉसी है जिससे उंगलियों के निशान आते हैं।

फोन काफी हैंडी और एक हाथ से यूज करने में परेशानी नहीं होती है। फोन का कुल वजन 173 ग्राम है। फोन के बैक पैनल पर कैमरा बंप बाजार में मौजूद इस रेंज के फोन के मुकाबले काफी कम है। फोन बहामा ब्लू और ग्रे मिरर कलर में उपलब्ध है। हेडफोन जैक, टाईप-सी पोर्ट और स्पीकर नीचे की ओर हैं, जबकि लेफ्ट में वॉल्यूम रॉकर और सिम कार्ड ट्रे है। राइट में पावर बनट दिया गया है। फोन के किनारे कर्व्ड हैं। ओवरऑल OnePlus Nord CE 2 5G की डिजाइन को लेकर हमें कोई शिकायत नहीं है। अच्छी बात यह है कि यह एक कॉम्पैक्ट फोन है।
OnePlus Nord CE 2 5G Review: डिस्प्ले

इसमें 6.43 इंच की 1080x2400 फुल एचडी प्लस फ्लुइड एमोलेड डिस्प्ले मिलेगी जिसका रिफ्रेश रेट 90Hz है। डिस्प्ले के साथ sRGB और डिस्प्ले P3 कलर गोमट का भी सपोर्ट है। डिस्प्ले के साथ HDR10+ का भी सर्टिफिकेशन मिला है और इस पर गोरिल्ला ग्लास 5 का प्रोटेक्शन भी दिया गया है। डिस्प्ले पर वीडियो का कलर्स बढ़िया दिखता है। कलर्स पंची हैं और सेचुरेशन भी बढ़िया है। यदि आप वीडियो देखने के शौकीन हैं तो आपको डिस्प्ले पसंद आएगी। ब्राइटनेस भी शानदार है।
