OnePlus Bullets Wireless Z ईयफोन हुए लॉन्च, मिलेगा 20 घंटे का बैटरी बैकअप

टेक कंपनी OnePlus ने 8 सीरीज के साथ बुलेट वायरसलेस जेड ईयफोन को भी लॉन्च किया है। कंपनी ने इस ईयरफोन में मैग्नेटिक कंट्रोल और क्विक पेयरिंग जैसे फीचर्स दिए हैं। इसके अलावा यूजर्स को इस ईयरफोन में 20 घंटे का बैटरी बैकअप भी मिला है। हालांकि, कंपनी ने अभी तक इन लेटेस्ट ईयरफोन की भारत में लॉन्चिंग को लेकर जानकारी नहीं दी है। आपको बता दें कि कंपनी ने इससे पहले वनप्लस बुलेट वायरलेस 2 ईयरफोन को बाजार में उतारा था।
कंपनी ने वनप्लस बुलेट वायरलेस जेड की कीमत 49 डॉलर (करीब 3,800 रुपये) रखी है। उम्मीद की जा रही हैं कि भारत में इस ईयरफोन की कीमत 4,000 से 5,000 रुपये के आसपास होगी।
वनप्लस का नया ईयरफोन पुराने बुलेट वायरलेस 2 की तरह यूजर्स को 10 मिनट की चार्जिंग में 10 घंटे का बैटरी बैकअप देता है। फुल चार्ज में यह ईयरफोन यूजर्स को 20 घंटे का बैकअप देता है। वहीं, वनप्लस बुलेट वायरलेस जेड ईयरफोन में यूएसबी टाइप-सी का पोर्ट दिया गया है, जिससे इसे फास्ट चार्जिंग का सपोर्ट मिलता है।
कंपनी के लेटेस्ट ईयरफोन को आईपी55 की रेटिंग मिली है। इसका मतलब है कि यह ईयरफोन आसानी से पानी की छींटों को झेल सकता है। वहीं, दूसरी तरफ इस ईयरफोन में मैग्नेट दी गई है, जिससे यूजर्स इसे बिना किसी परेशानी के आसानी से कैरी कर सकते हैं। इसके अलावा कंपनी ने इसमें फास्ट कनेक्टिविटी के लिए ब्लूटूथ 5.0 का सपोर्ट दिया है।