इस दिन लॉन्च होगा 8GB रैम वाला वनप्लस 5 स्मार्टफोन

पिछले कई दिनों से चाइनीज स्मार्टफोन वनप्लस 5 की लीक और लॉन्चिंग से जुड़ी खबरें सामने आ रही हैं। कुछ दिनों पहले कंपनी के सीईओ पीट लाउ ने भी अपने फ्लैगशिप स्मार्टफोन वनप्लस 3टी के अपग्रेडेड वेरिएंट पर काम करने की खबरों की पुष्टि की थी। इस स्मार्टफोन से जुड़ी अब एक और खबर सामने आई है। नई रिपोर्ट के अनुसार कंपनी वनप्लस 5 को इस साल गर्मी के मौसम में ही लॉन्च करेगी।
माना जा रहा था कि कंपनी वनप्लस 3टी के बाद वनप्लस 4 के नाम से स्मार्टफोन को लॉन्च करेगी, लेकिन ऐसा नहीं है। वनप्लस 5 के नाम के पीछे भी एक बड़ी वजह है। चीन में 4 अंक को अशुभ माना जाता है, इसलिए कंपनी ने अपने अगले स्मार्टफोन का नाम वनप्लस 5 रखा है। पिछले हफ्ते वनप्लस 5 को ऑनलाइन रिटेल साइट ओप्पोमार्ट पर लिस्ट भी किया गया है। हालांकि ओप्पो मार्ट की लिस्टिंग को पूरी तरह से सही नहीं मान सकते हैं। ओप्पोमार्ट की लिस्टिंग के अनुसार इस स्मार्टफोन की कीमत 449 डॉलर लगभग 28,800 रुपये होगी।
स्मार्टफोन के स्पेसिफिकेशन की बात करें तो फोन में 5.5 इंज का क्वॉड एचडी डिस्प्ले लगा होगा। फोन 2.4 गीगाहर्ट्ज के क्वॉलकॉम स्नैपड्रैगन 835 क्वॉडकोर प्रोसेसर पर काम करेगा। फोन में 8 जीबी रैम और 256 जीबी स्टोरेज की बात कही गई है। कुछ लीक में फोन में 6 जीबी रैम वेरिएंट की बात भी कही जा रही है। इसके अलावा वनप्लस 5 में 23 मेगापिक्सल का रियर कैमरा और 8 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा होगा। कुछ अन्य रिपोर्ट में कहा गया है कि फोन में 12 मेगापिक्सल कटा डुअल रियर कैमरा सेटअप होगा।