Moto G40 इसी महीने भारत में हो सकता है लॉन्च, Moto G10, Moto G30 के फीचर्स भी हुए लीक
Renders Leak

विस्तार
Motorola अपनी Moto G और Moto E सीरीज के कई फोन पर काम कर रही है। इसकी पुष्टि नई लीक रिपोर्ट से हुई है। रिपोर्ट के मुताबिक G सीरीज के तहत तीन फोन Moto G10, Moto G30 और Moto G40 जल्द ही बाजार में दस्तक दे सकते हैं। इनमें से Moto G40 का कोड नाम Motorola Ibiza है जो कि इसी महीने 5जी सपोर्ट के साथ भारत में लॉन्च हो सकता है। Moto E सीरीज की बात करें तो इस सीरीज के तहत Moto E7 Power को भी कई बेंचमार्क पर देखा गया है।
टिप्स्टर मुकुल शर्मा ने दावा किया है मोटोरोला जल्द ही भारत में नया 5G स्मार्टफोन लॉन्च करने वाला है जिसकी डिस्प्ले के साथ 90Hz का रिफ्रेश रेट मिलेगा। डिस्प्ले की क्वॉलिटी IPS LCD होगी। इसके अलावा कुछ दिन पहले एक अन्य रिपोर्ट में दावा किया गया था कि Moto G40 जल्द लॉन्च होगा, हालांकि इस रिपोर्ट में भारत में लॉन्चिंग को लेकर कुछ नहीं कहा गया था।
Moto G40 को एक गीकबेंच साइट पर क्वॉलकॉम स्नैपड्रैगन 400 सीरीज के 5जी चिपसेट के साथ देखा गया है। बता दें कि क्वॉलकॉम ने कुछ दिन पहले ही बजट 5जी चिपसेट स्नैपड्रैगन 480 को पेश किया है। फोन में एंड्रॉयड 11 के साथ ट्रिपल रियर कैमरा सेटअप और 5000mAh की बैटरी दी जा सकती है।
Moto G10 को लेकर खबर है कि इसमें वॉटरड्रॉप नॉच डिस्प्ले मिलेगी। इसके अलावा इसमें 3.5एमएम का हेडफोन जैक मिलेगा। फोन में यूएसबी टाइप सी पोर्ट और क्वॉड कैमरा सेटअप मिलेगा। फोन का बैक पैनल टेक्स्चर वाला होगा। इस फोन में 6.5 इंच की 60Hz रिफ्रेश रेट वाली डिस्प्ले मिल सकती है। इस फोन को 4 जीबी रैम के साथ 64 जीबी और 128 जीबी स्टोरेज में लॉन्च किया जा सकता है।
Moto G10 के कैमरे को लेकर कहा जा रहा है कि इसमें 48 मेगापिक्सल का प्राइमरी लेंस, 8 मेगापिक्सल का दूसरा लेंस अल्ट्रा वाइड एंगल और अन्य दो लेंस 2-2 मेगापिक्सल का मैक्रो और डेफ्थ सेंसर होंगे। सेल्फी के लिए इसमें 8 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा मिलेगा। फोन में गूगल असिस्टेंट के लिए एक स्पेशल बटन मिल सकता है। इसकी कीमत 13,100 रुपये के करीब हो सकती है।
Moto G30 को लेकर खबर है कि इसका कोड नाम Motorola Capri Plus रखा गया है। इसमें 6.5 इंच की 90Hz रिफ्रेश रेट वाली डिस्प्ले मिल सकती है। इसमें स्नैपड्रैगन 662 प्रोसेसर, 6 जीबी रैम और 128 जीबी की स्टोरेज मिलेगी जिसे मेमोरी कार्ड की मदद से बढ़ाया जा सकेगा। इस फोन में 64 मेगापिक्सल का ट्रिपल रियर कैमरा सेटअप मिल सकता है।