Xiaomi MI 10i First Impression: पहली नजर में दीवाना बनाता है 2021 का पहला 5G फोन

शाओमी ने अपने नए और इस साल के पहले 5जी स्मार्टफोन Mi 10i को भारतीय बाजार में लॉन्च कर दिया है। Mi 10i पिछले साल लॉन्च हुए Mi 10T Lite का भारतीय वर्जन है, हालांकि भारतीय वर्जन को कुछ बदलाव के साथ लॉन्च किया गया है। Mi 10i में 108 मेगापिक्सल का मेन MH2 लेंस दिया गया है। Mi 10i इस साल लॉन्च होने वाला शाओमी का पहला 5जी स्मार्टफोन है। Mi 10i का मुकाबला वनप्लस नॉर्ड (OnePlus Nord) और गूगल पिक्सल जैसे Google Pixel 4a स्मार्टफोन के साथ है। आइए देखते हैं पहली नजर में कैसा है Mi 10i...
Mi 10i की कीमत
Mi 10i के 6 जीबी रैम और 64 जीबी स्टोरेज वेरियंट की कीमत 20,999 रुपये, 6 जीबी रैम के साथ 128 जीबी स्टोरेज वेरियंट की कीमत 21,999 रुपये और 8 जीबी रैम के साथ 128 जीबी स्टोरेज वेरियंट की कीमत 23,999 रुपये है। फोन की बिक्री एमआई की साइट, एमआई स्टोर और अमेजन इंडिया से सात जनवरी को दोपहर 12 बजे होगी। फोन को पैसिफिक सनराइज, मिडनाइट ब्लैक और अटलांटिक ब्लू कलर में खरीदा जा सकेगा। Mi 10i की ओपन सेल आठ जनवरी से शुरू होगी। लॉन्चिंग ऑफर के तहत जियो की ओर से फोन के साथ 10,000 रुपये के फायदे मिल रहे हैं।

Mi 10i First Impression: डिजाइन
Mi 10i की डिजाइन काफी आकर्षक है और इसका पैसिफिक सनराइज कलर वेरियंट आपको पहली नजर में दीवाना बना सकता है। फिनिशिंग शानदार दी गई है और बैक पैनल पर उंगलियों के निशान नहीं आते हैं। फोन की बॉडी ग्लास की है, हालांकि फ्रेम प्लास्टिक का है।

रियर के साथ बैक पैनल पर भी गोरिल्ला ग्लास 5 का प्रोटेक्शन है। Mi 10i को लेकर कंपनी का दावा है कि यह फोन स्प्लैश प्रूफ है यानी पानी के छींटों से इस पर कोई असर नहीं पड़ेगा। Mi 10i में सिंगल स्पीकर है जिसके साथ डुअल स्टेरियो का सपोर्ट है।

स्पीकर को नीचे की ओर टाइप-सी पोर्ट और 3.5एमएम हेडफोन जैक के साथ जगह मिली है। सिम कार्ड को लेफ्ट में और पावर बटन के साथ वॉल्यूम बटन को राइट में जगह मिली है। पावर बटन में ही फिंगरप्रिंट सेंसर (साइड माउंटेड फिंगरप्रिंट सेंसर) है जो कि तेजी से काम करता है। कैमरे की डिजाइन 360 है और कैमरे को बंप को काफी हद तक कम किया गया है। यह फोन पैसिफिक सनराइज, अटलांटिक ब्लूऔर मिडनाइट ब्लैक कलर वेरियंट में मिलेगा। तो कुल मिलाकर कहें तो Mi 10i एक गुड लुकिंग स्मार्टफोन है।
Mi 10i First Impression: डिस्प्ले

Mi 10i में 6.67 इंच की फुल एचडी प्लस डिस्प्ले है जिसका रिफ्रेश रेट एडजस्टेबल है और रिजॉल्यूशन 1080x2400 पिक्सल है। सीधे शब्दों में कहें तो आप अपनी जरूरत के हिसाब से डिस्प्ले की रिफ्रेश रेट को 30Hz से लेकर 120Hz में बदल सकते हैं।

डिस्प्ले को गोरिल्ला ग्लास 5 का प्रोटेक्शन है। ऐसे में आपको खरोंच आने को लेकर ज्यादा परेशान होने की जरूरत नहीं है। डिस्प्ले की क्वालिटी एमोलेड तो नहीं है लेकिन एलसीडी होने के बावजूद डिस्प्ले का कलर, स्मूथनेस आदि बढ़िया है।

डिस्प्ले के साथ स्पेशल ई-पेपर रिडिंग मोड मिलता है। डिस्प्ले के ठीक ऊपर वॉटरड्रॉप नॉच है जिसके चारों और डिस्प्ले है। डिस्प्ले के साथ बेजल बहुत ही कम मिलती है। डिस्प्ले के साथ HDR 10, HDR 10+, HLG का सपोर्ट मिलता है। इसके अलावा इसमें वाइडवाइन एल-1 का भी सपोर्ट है यानी आप अमेजन प्राइम वीडियो और नेटफ्लिक्स के एचडी वीडियो इस फोन पर देख सकते हैं।
Mi 10i First Impression: कैमरा

कैमरे की बात करें तो Mi 10i में पांच कैमरे हैं जिनमें से चार रियर पैनल पर एक फ्रंट में है। रियर पैनल पर क्वॉड कैमरा सेटअप है जिसमें मेन लेंस 108 मेगापिक्सल का Samsung HM2 सेंसर है जिसकी साइज 1/1.52 इंच और अपर्चर f/1.75 है।

वहीं दूसरा लें 8 मेगापिक्सल का अल्ट्रा वाइड, तीसरा लें 2 मेगापिक्सल का मैक्रो और चौथा लेंस 2 मेगापिक्सल का डेफ्थ सेंसर है। सेल्फी के लिए 16 मेगापिक्सल का कैमरा मिलेगा। कैमरे के साथ 4के वीडियो रिकॉर्डिंग की सुविधा है। सेल्फी कैमरे के साथ ब्यूटी, पोट्रेट आदि जैसे कई मोड्स हैं।

फ्रंट और रियर दोनों कैमरे के साथ ऑटो एचडीआर मिलता है। कैमरे के साथ VLOG, डुअल वीडियो, पैनोरमा, स्लो मोशन, लॉन्ग एक्सपोजर, क्लोन, शॉर्ट वीडियो जैसे मोड्स मिलते हैं। एमआई 10आई के कैमरे से आप 4K वीडियो 30fps पर रिकॉर्ड कर सकते हैं।
Mi 10i First Impression: सॉफ्टवेयर और हार्डवेयर

अब जहां तक सॉफ्टवेयर और हार्डवेयर की बात करें तो इसमें क्वॉलकॉम स्नैपड्रैगन 750G प्रोसेसर और ग्राफिक्स के लिए एड्रेनो 619 मिलता है। बता दें कि यह स्नैपड्रैगन 750जी एक 5जी प्रोसेसर है। फोन में 6/8 जीबी रैम के साथ 64/128 जीबी की स्टोरेज मिलेगी। इसके अलावा इसमें एंड्रॉयड 10 आधारित MIUI 12 मिलेगा।

Mi 10i First Impression: बैटरी और कनेक्टिविटी
Mi 10i के साथ 4820एमएएच की बैटरी दी गई है जो कि 33वॉट की फास्ट चार्जिंग को सपोर्ट करती है। फोन के साथ बॉक्स में ही आपको चार्जर मिलेगा। इस फोन में आपको वायरलेस चार्जिंग नहीं मिलेगी। कनेक्टिविटी के लिए इसमें 4जी वीओएलटीई, डुअल बैंड वाई-फाई, 3.5एमएम का हेडफोन जैक, जीपीएस जैसे फीचर्स मिलेंगे।

सिक्योरिटी के लिए साइड माउंटेड फिंगरप्रिंट सेंसर और फेस अनलॉक भी मिलता है। बैटरी के साथ बैटरी सेवर और अल्ट्रा बैटरी सेवर दो फीचर्स मिलते हैं जिनका इस्तेमाल आप अपनी जरूरत के हिसाब से कर सकते हैं। फोन के साथ बॉक्स में आपको 33 वॉट का एडाप्टर, टाइप-सी केबल, सिम कार्ड इजेक्टर, बैक कवर और वारंटी कार्ड मिलेगा।