बड़े काम का है यह स्मार्ट मास्क, चलता फिरता एयर प्यूरीफायर है, कीमत से लेकर फीचर्स जानें
LG PuriCare में HEPA फिल्टर है जो कि धूल के कण को फिल्टर करने और हानिकारक कणों को फिल्टर करने में माहिर है। इसमें डुअल फैन के साथ वॉटरप्रूफ के लिए IPX4 की रेटिंग भी है।

विस्तार
दिल्ली जैसे मेट्रो शहर में हवा की गुणवत्ता हद से ज्यादा खराब है। हाल ही में आई एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि दिल्ली की हवा पूरी दुनिया में सबसे खराब है। हर जगह एयर प्यूरीफायर लेकर घूमना संभव तो नहीं है लेकिन कुछ ऐसे मास्क हैं जो आपकी मदद कर सकते हैं। इन्हीं में से एक है LG PuriCare मास्क। यह मास्क और एयर प्यूरीफायर दोनों है। आइए इसकी कीमत और फीचर्स के बारे में जानते हैं...
LG PuriCare की कीमत और स्पेसिफिकेशन

LG PuriCare की शुरुआती कीमत 20,990 रुपये है जो कि किसी एयर प्यूरीफायर की कीमत के बराबर है। LG PuriCare में HEPA फिल्टर है जो कि धूल के कण को फिल्टर करने और हानिकारक कणों को फिल्टर करने में माहिर है। इसमें डुअल फैन के साथ वॉटरप्रूफ के लिए IPX4 की रेटिंग भी है। इसके अलावा यह लंबे समय तक इस्तेमाल के लिहाज से भी डिजाइन किया गया है।
LG PuriCare को दो कलर ऑशियन ब्लैक और क्रिमी व्हाइट में खरीदा जा सकता है। इसमें मेडिकल ग्रेड के सिलिकॉन का इस्तेमाल हुआ है। LG PuriCare में इनबिल्ट बैटरी दी गई है जिसका बैकअप 8 घंटे का है। LG PuriCare वियरेबल एयर प्यूरिफायर में दो H13 HEPA फिल्टर का इस्तेमाल किया गया है। इसके अलावा फ्रेश हवा के लिए इसमें डुअल फैन दिए गए हैं जिसकी स्पीड के लिए तीन लेवल भी दिए गए हैं।
इसमें दिया गया रेसपिरेट्री सेंसर सांस लेने की गति को डिटेक्ट करके फैन को एडजस्ट करता है। सबसे खास बात यह है कि इसमें इनबिल्ट माइक भी है जिसकी मदद से आप फोन पर बात भी कर सकते हैं। इस मास्क को एक एप से भी कनेक्ट किया जा सकता है। गंदा होने पर यूजर के फोन पर फिल्टर को बदलने के लिए नोटिफिकेशन भी आएगा। इस मास्क के ईयर स्ट्रैप को भी बदला जा सकता है और इसे रिसाइकल भी किया जा सकता है।