JioTag2 हुआ लॉन्च: बिना सिम के खोजें चाबी, बैग और वॉलेट, एक बैटरी पूरे साल देगी साथ

नीतीश कुमार
टेक डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्लीनीतीश कुमार
Mon, 03 Aug 2026 11:12 AM IST
सार

अगर आपकी चाबी, बैग या वॉलेट अक्सर कहीं रखकर भूल जाते हैं, तो Jio का नया ट्रैकर आपके काम आ सकता है। JioTag2 बिना सिम और रिचार्ज के काम करता है। आखिर यह डिवाइस कैसे ट्रैकिंग करता है और इसमें क्या खास है, जानिए पूरी जानकारी।

jiotag2 launch price features battery tracker without sim hindi
JioTag2 - फोटो : Jio

    विस्तार

    रिलायंस जियो ने भारतीय बाजार में अपना नया स्मार्ट ट्रैकिंग डिवाइस JioTag2 लॉन्च कर दिया है। यह एक छोटा-सा गैजेट है, जिसकी मदद से यूजर्स अपने रोजमर्रा के जरूरी सामान जैसे बैग, वॉलेट, चाबी या दूसरे इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस को आसानी से ट्रैक कर सकते हैं। खास बात यह है कि इसे चलाने के लिए न तो सिम कार्ड की जरूरत पड़ती है और न ही किसी तरह का रिचार्ज कराना होता है।

    कंपनी ने इससे पहले 2023 में JioTag पेश किया था और अब उसका नया वर्जन कई नए फीचर्स के साथ बाजार में आया है।

    Android और iPhone दोनों के साथ करेगा काम

    JioTag2 को मल्टी-प्लेटफॉर्म ट्रैकर के तौर पर तैयार किया गया है। यह Android और iPhone दोनों यूजर्स के लिए उपयोगी है। डिवाइस Apple Find My और Google Find Hub नेटवर्क के साथ काम करता है। यानी अगर आपका सामान कहीं गुम हो जाए, तो इन नेटवर्क की मदद से उसकी लोकेशन पता लगाने में आसानी होगी।

    इन फीचर्स से लैस है JioTag2

    JioTag2 में कई ऐसे फीचर्स दिए गए हैं जो ट्रैकिंग को आसान बनाते हैं। इसमें ब्लूटूथ लो एनर्जी (BLE) तकनीक का इस्तेमाल किया गया है, जिससे बैटरी की खपत बेहद कम होती है। इसके अलावा इसमें ग्लोबल कम्युनिटी नेटवर्क का भी सपोर्ट मिलता है। अगर आपका सामान सामान्य ब्लूटूथ रेंज से बाहर चला जाता है, तब भी यह कम्युनिटी नेटवर्क के जरिए उसकी लोकेशन खोजने में मदद करता है।

    120dB का तेज बजर, सामान ढूंढना होगा आसान

    अगर आपका सामान आसपास ही कहीं रखा है और आपको दिखाई नहीं दे रहा, तो JioTag2 का इनबिल्ट 120dB साउंड बजर काफी काम आएगा। मोबाइल एप से Play Sound कमांड देने पर ट्रैकर तेज आवाज निकालता है, जिससे सामान को आसानी से खोजा जा सकता है।

    न सिम, न रिचार्ज की जरूरत

    JioTag2 की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें किसी भी तरह का सिम कार्ड लगाने की जरूरत नहीं पड़ती। यह पूरी तरह बीकनिंग प्रोटोकॉल पर आधारित ट्रैकिंग सिस्टम का इस्तेमाल करता है। इसलिए यूजर्स को किसी मासिक प्लान या रिचार्ज की चिंता भी नहीं करनी होगी।

    एक बैटरी चलेगी पूरे साल

    डिवाइस को IP64 रेटिंग मिली है, जिससे यह धूल और पानी के छींटों से सुरक्षित रहता है। कंपनी का दावा है कि इसमें लगी रिप्लेसेबल बैटरी एक बार लगाने के बाद पूरे एक साल तक चल सकती है। अच्छी बात यह है कि रिटेल बॉक्स में बैटरी भी पहले से दी जा रही है।

    कीमत और उपलब्धता

    JioTag2 की कीमत 1,249 रुपये रखी गई है। यह ब्लैक, ग्रीन और रेड रंगों में उपलब्ध है। फिलहाल यह Amazon India पर बिक्री के लिए लिस्ट किया गया है।

    और पढ़ें...
    Login or Signup
    अपना शहर चुनें