Jio AIRFIBER: क्या है यह अनोखी डिवाइस, कैसे करेगी काम ?
Jio AirFiber डिवाइस की मदद से ऑफिस और घर में अल्ट्रा स्पीड 5जी इंटरनेट कनेक्टिविटी को इस्तेमाल किया जा सकता है। यह डिवाइस गांव-देहात के लिए एक गेम चेंजर डिवाइस साबित हो सकती है।

विस्तार
रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड की आज 45वीं वार्षिक आम बैठक (AGM 2022) हुई। इस बैठक में Jio 5G सेवाओं को लॉन्च करने की घोषणा की गई है। Jio 5G सेवाओं के साथ कंपनी ने Jio AirFiber डिवाइस की लॉन्चिंग की भी घोषणा की है। इस डिवाइस की मदद से ऑफिस और घर में अल्ट्रा फास्ट स्पीड 5जी इंटरनेट कनेक्टिविटी को इस्तेमाल किया जा सकता है। AirFiber के जरिए यूजर्स को वायरलेस ब्रॉडबैंड सर्विस मिलेगी। गांव-देहात के लिए यह एक गेम चेंजर डिवाइस साबित हो सकती है।
क्या है Jio AirFiber
वायरलेस Jio AirFiber डिवाइस को कंपनी ने पहले लॉन्च किए गए वाई-फाई डिवाइस JioFi के एडवांस वर्जन के तौर पर पेश किया है। इस ब्रॉडबैंड सर्विस से 2 जीबीपीएस तक की अल्ट्रा फास्ट स्पीड से इंटरनेट मिलेगा। इस वायरलेस डिवाइस को घर के साथ-साथ ऑफिस के लिए भी यूज किया जा सकता है। हॉटस्पॉट डिवाइस Jio AirFiber से कम्प्यूटर, लैपटॉप, स्मार्टफोन, टैबलेट के साथ-साथ इंटरनेट ऑफ थिंग्स (IoT) डिवाइस को भी आसानी से कनेक्ट किया जा सकता है।
Jio AirFiber डिवाइस से पूरे घर में एक जैसी अल्ट्रा फास्ट स्पीड से इंटरनेट का इस्तेमाल किया जा सकता है। इस डिवाइस से हाई एंड गेमिंग और हाई क्वालिटी के वीडियो को भी बिना किसी लैग के प्ले किया जा सकेगा। कंपनी का दावा है कि इस डिवाइस से यूजर्स को एंड-टू-एंड ब्रॉडबैंड (वायरलेस) सॉल्यूशन मिलने वाला है। यानी की आपको हाई स्पीड इंटरनेट के लिए किसी और डिवाइस की जरूरत नहीं है। यह पोर्टेबल वायरलेस ब्रॉडबैंड सर्विस होने वाली है, जिसे आप आसानी से सेटअप और यूज कर सकते हैं।