रिव्यू: सस्ते डुअल रियर कैमरे की तलाश पूरी करता iVoomi i2 Lite ?

भारत में धीरे-धीरे अपनी पकड़ बना रही आईवूमी ने एक और नया स्मार्टफोन आईवूमी आई2 लाइट हाल ही में भारत में लॉन्च किया है। इस फोन के साथ कंपनी ने कम कीमत में डुअल रियर कैमरे वाले स्मार्टफोन की चाहत रखने वाले ग्राहकों को अपनी खींचने की कोशिश की है। iVoomi i2 Lite के साथ आपको सिर्फ 6,499 रुपये में डुअल रियर कैमरा मिलता है और साथ ही में मिलती है 4000 एमएएच की दमदार बैटरी। इसके अलावा आपको इस फोन में फुल व्यू डिस्प्ले भी मिलती है जिसका आस्पेक्ट रेशियो 18:9 है। इस फोन को हमने 20 दिन तक इस्तेमाल किया है तो आइए देखते हैं आईवूमी आई2 लाइट का रिव्यू।

आईवूमी आई2 लाइट की स्पेसिफिकेशन
iVoomi i2 Lite में डुअल 4जी सिम सपोर्ट, एंड्रॉयड ओरियो 8.1, 5.45 इंच की एचडी प्लस आईपीएस डिस्प्ले है जिसका रिजॉल्यूशन 720x1440 है। डिस्प्ले आस्पेक्ट रेशियो 18:9 है। फोन में मीडियाटेक का क्वॉडकोर MT6739 प्रोसेसर है और 2 जीबी रैम के साथ 16 जीबी की स्टोरेज है जिसे 128 जीबी तक बढ़ाया जा सकेगा। फोन के कैमरे की बात करें तो इसमें डुअल रियर कैमरा सेटअप है जिसमें एक कैमरा 13 मेगापिक्सल का और दूसरा 2 मेगापिक्सल का है।
iVoomi i2 Lite की अनबॉक्सिंग
वहीं फ्रंट कैमरा 8 मेगापिक्सल का है। दोनों कैमरे के साथ फ्लैश लाइट मिलेगी। फोन में 4000 एमएएच की बैटरी है जो फास्ट चार्जिंग 2ए को सपोर्ट करती है। फोन में फेस अनलॉक भी दिया गया है। कनेक्टिविटी के लिए डुअल 4G VoLTE, वाई-फाई, ब्लूटूथ v4.0, GPS/A-GPS, माइक्रो-यूएसबी और 3.5mm का हेडफोन जैक है।

आईवूमी आई2 लाइट की डिजाइन और डिस्प्ले
वैसे तो इस फोन की बॉडी प्लास्टिक की है, लेकिन हाथ में लेने पर मेटल बॉडी का एहसास होता है, हालांकि प्लास्टिक उतनी अच्छी नहीं है। फोन का किनारा घुमावदार है जैसा कि आजकल लॉन्च होने वाले फोन में होना आम बात है। रिव्यू के दौरान फोन में वीडियो देखने का अनुभव संतोषजनक रहा। आप 720 पिक्सल रिजॉल्यूशन वाले वीडियो आसानी से देख सकते हैं। इसके अलावा यूट्यूब के वीडियो देखते समय आप वीडियो को जूम करके फुल स्क्रीन में देख सकते हैं। धूप में स्मार्टफोन को इस्तेमाल करने पर ब्राइटनेस को 50 फीसदी के स्तर से ज्यादा करना पड़ता है, हालांकि रंगों का मिश्रण बढ़िया है। डिस्प्ले को लेकर आपको शिकायत नहीं होगी।

फोन में एक स्पीकर डिस्प्ले के ठीक ऊपर कैमरा और सेंसर के बीच में है, वहीं दूसरा स्पीकर ठीक नीचे दिए गए दो ग्रिल में से दाएं तरफ वाले ग्रिल में है। फोन में कोई फिजिकल होम बटन नहीं है। होम, बैक और मिनिमाइज बटन के लिए आपको डिस्प्ले पर ऊपर की ओर स्वैप करना होगा। डिस्प्ले पर ग्लास का प्रोटेक्शन दिया गया है। फोन के दाहिनी ओर पावर बटन और वॉल्यूम अप-डाउन बटन दिए गए हैं। साथ ही आपको बता दें कि सिम कार्ड लगाने के लिए आपको फोन का बैक कवर निकालना होगा, हालांकि बैटरी नहीं निकलेगी। इसमें एक सिम कार्ड नैनो और दूसरा आम सिम लगेगा। फोन को एक साथ ही इस्तेमाल और ऑपरेट करने में कोई दिक्कत नहीं होती है। फोन के सबसे ऊपर माइक्रो यूएसबी चार्जिंग स्लॉट और 3.5एमएम का हेडफोन जैक दिया गया है। फोन के बैक पर ऊर्ध्वाधर डुअल रियर कैमरा सेटअप है। फ्लैश लाइट दोनों लेंस के बीच में है।

आईवूमी आई2 लाइट का कैमरा
कंपनी ने कम कीमत के साथ डुअल रियर कैमरा ग्राहकों का ध्यान खींचने की कोशिश की है लेकिन कंपनी को अभी इसमें सुधार करने की जरूरत है। दिन की रौशनी में तो आईवूमी आई2 लाइट अच्छी फोटो क्लिक करने में माहिर है। फोटो क्लिक करने की स्पीड भी ठीक है लेकिन कम रौशनी में कैमरा निराश करता है। रात में क्लोजप शॉट संतोषजनक है और फ्लैश लाइट काफी मदद करती है लेकिन दूर की फोटो लेने पर ब्लास्ट करता है और फोटो एक सर्किल भी नजर आता है जो कि फ्लैश लाइट जैसा नजर आता है। सैंपल फोटो में आप इसे देख सकते हैं।
रात में फ्लैश लाइट के साथ ली गई सेल्फी

रियर कैमरा का जूम अच्छा है।बैकग्राउंड ब्लर (बोकेह इफेक्ट) के लिए कंपनी ने कैमरे के साथ ब्लर मोड दिया है। कैमरे का कलर कॉम्बिनेशन खराब है।इसके अलावा कैमरे में फेस ब्यूटी मोड, पैनोरमा, मोनो और प्रो जैसे मोड मिलेंगे। रियर कैमरे से फुल एचडी और फ्रंट कैमरे से एचडी वीडियो रिकॉर्डिंग की जा सकती है। हालांकि वीडियो का फॉर्मेट 3जीपी आता है और इसका जवाब भी कंपनी ही देगी। रात में फ्लैश लाइट के साथ ली गई सेल्फी ठीक-ठाक है। फोकस शानदार है। अगर एक लाइन में कैमरे के परफॉर्मेंस की बात करें तो यह सिर्फ दिन की रौशनी में ही अच्छी फोटो क्लिक कर सकता है।


आईवूमी आई2 लाइट का परफॉर्मेंस
फोन में फ्लिपकार्ट, ओपेरा न्यूज, यूसी ब्राउजर, जेन्डर, अमेजॉन और वीडियोज जैसे ऐप मिलेंगे। फोन में दिया गया एंड्रॉयड ओरियो 8.1.0 फोन के परफॉर्मेंस को काफी हद तक हैंडल करता है और डुअल कैमरे व कीमत के अलावा आईवूमूी आई2 लाइट की यह भी एक खासियत है। गेमिंग के दौरान हमें कोई दिक्कत नहीं आई। फोन की 4000 एमएएच की बैटरी के फुल चार्ज होने में 2 घंटे का वक्त लगता है, हालांकि बैटरी बैकअप आम यूजर के लिए ठीक-ठाक है। वाई-फाई और नेटवर्क पर इंटरनेट की स्पीड अच्छी रही और रिव्यू के दौरान मल्टीटास्किंग में भी कोई परेशानी नहीं आई। कई सारे ऐप एक साथ ओपन होने के बाद भी फोन हैंग नहीं हुआ। फोन पर बात करना ठीक है। आवाज साफ-साफ आती है। हैंड्सफ्री मोड (स्पीकर) पर भी आराम से बात की जा सकती है। साउंड क्वालिटी अच्छी है लेकिन इसमें थोड़ी मधुरता की जरूरत है। फोन में फेस अनलॉक फीचर भी है जो कि काम करता है लेकिन उतना बढ़िया नहीं। कम रौशनी में काम ही नहीं करता। ऐसे में हम आपको पिन का इस्तेमाल करने की ही सलाह देंगे।

फैसला
कंपनी ने इस फोन के साथ डुअल रियर कैमरे की चाहत रखने वालों ग्राहकों को कीमत के साथ लुभाने की कोशिश तो की है लेकिन कैमरे पर आईवूमी को अभी बहुत काम करने की जरूरत है। खासकर कम रौशनी के लिए। कुल मिलाकर कीमत के मुताबिक फोन का परफॉर्मेंस बढ़िया है।