Itel A46 Review: क्या खरीदने लायक है 4,999 रुपये में डुअल कैमरा और फिंगरप्रिंट सेंसर वाला यह फोन

स्मार्टफोन कंपनी आईटेल ने कुछ दिन पहले भारत में बजट स्मार्टफोन की तलाश करने वालों के लिए Itel A46 स्मार्टफोन लॉन्च किया था। इस फोन में कंपनी ने महज 4,999 रुपये में वे सारे फीचर्स दिए हैं। Itel A46 में आपको फिंगरप्रिंट सेंसर, फेस अनलॉक के अलावा डुअल रियर कैमरा मिलेगा। इस फोन को हमने रिव्यू के लिए कुछ दिन इस्तेमाल किया है तो आइए जानते हैं कैसा है यह स्मार्टफोन ?
Itel A46 की स्पेसिफिकेशन और कीमत

इस फोन में आपको डुअल सिम सपोर्ट के साथ 5.45 इंच की HD+ डिस्प्ले मिलेगी जिसका रिजॉल्यूशन 720x1440 पिक्सल है। Itel A46 के प्रोसेसर की बात करें तो इसमें मीडियाटेक का 1.6GHz का ऑक्टाकोर प्रोसेसर मिलेगा, हालांकि कंपनी ने प्रोसेसर के वर्जन की जानकारी नहीं दी है। इस फोन में 2 जीबी रैम और 16 जीबी की स्टोरेज मिलेगी जिसे आप मेमोरी कार्ड की मदद से 128 जीबी तक बढ़ा सकेंगे। Itel A46 की कीमत 4,999 रुपये है और यह फोन डार्क वाटर, ग्रेडियंट डायमंड ग्रे, फियरी रेड और नीओन वाटर कलर वेरियंट में मिलेगा। साथ ही कंपनी 100 दिन की स्क्रीन रिप्लेसमेंट की गारंटी दे रही है। फोन की बॉडी प्लास्टिक की है लेकिन फिनिशिंग ग्लास जैसी दी गई है। डिजाइन के मामले में यह फोन हमें पसंद आया।
Itel A46 का कैमरा परफॉर्मेंस

कैमरे की बात करें तो इस फोन में डुअल रियर कैमरा है जिसमें एक कैमरा 8 मेगापिक्सल का और दूसरा वीजीए कैमरा है। कैमरे के साथ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का सपोर्ट मिलेगा। फोन में फ्रंट कैमरा 5 मेगापिक्सल का है। दोनों कैमरे के साथ आपको फ्लैश लाइट मिलेगी। फोन में फेस अनलॉक भी दिया गया है जो कि ठीक-ठाक करता है। कैमरे की परफॉर्मेंस की बात करें तो कीमत के हिसाब से कैमरा बढ़िया है। पर्याप्त रौशनी में अच्छी फोटो आती है लेकिन कम रौशनी में थोड़ी परेशानी होती है।




पोट्रेट मोड भी अच्छा है लेकिन यह सिर्फ इंसानों पर ही काम करता है। यदि आप किसी चीज जैसे फूल को पोट्रेट मोड में फोकस करते हैं तो फोटो औसत आती है। क्लोजअप शॉट में डीटेल अच्छी आती है। दोनों कैमरे के साथ आपको कई सारे मोड्स मिलते हैं जिनमें एक मोड प्रो भी है जो कि एक तरह का मैनुअल मोड है। इस मोड में आप अपने हिसाब से अपर्चर आदि सेट करके अच्छी फोटोग्राफी कर सकते हैं। कैमरे में दिया गया आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) मोड बखूबी काम करता है। खास बात यह है कि आईटेल ए46 के कैमरे से आप फुल एचडी वीडियो रिकॉर्ड कर सकते हैं।
Itel A46 की बैटरी और कनेक्टिविटी

इस फोन में 2400mAh की बैटरी मिलेगी। इसके अलावा इसमें डुअल 4जी वीओएलटीई, एंड्रॉयड पाई, वाई-फाई, ब्लूटूथ और 3.5एमएम का हेडफोन जैक मिलेगा। फोन के साथ बॉक्स में आपको एक एक कवर भी मिलेगा। आईटेल ए46 की बैटरी दिनभर आपका साथ देगी और इस फुल चार्ज करने में तीन घंटे से ज्यादा का वक्त लगता है। चार्जिंग के दौरान फोन के गर्म होने की समस्या नहीं है और गेमिंग के दौरान भी फोन गर्म नहीं होता है। इस फोन में रिमूवेबल बैटरी है तो आपको बैटरी को लगाने के लिए बैक कवर को निकालना होगा। फोन में दिया गया फिंगरप्रिंट ऊंगलियों में तेल या पानी लगे होने के बावजूद भी काम करता है।
Itel A46 का ओवरऑल परफॉर्मेंस

इस फोन का रिव्यू करने के बाद हम यह कह सकते हैं कि यदि आपका स्मार्टफोन का बजट 5,000 रुपये तक का है तो यह फोन आपको निराश नहीं करेगा, क्योंकि इस फोन में दिया गया डुअल कैमरा फोन की कीमत के लिहाज से ठीक है और आप इससे आप अपने काम के हिसाब से फोटोग्राफी कर सकते हैं। हां, एक बात आपको बता दें कि यदि आप हेवी गेमर हैं या पबजी जैसे गेम खेलते हैं तो यह फोन आपके लिए नहीं है। इस फोन में आप टेंपल रन और कैंडी क्रस सागा जैसे गेम खेल सकते हैं। 15 दिनों तक रिव्यू के दौरान फोन में अटकने जैसी कोई समस्या नहीं आई। फोन की बैटरी लाइफ भी अच्छी है और साथ ही इसकी बिल्ड क्वालिटी को लेकर भी कोई शिकायत नहीं है। कुल मिलाकर कह सकते हैं कि 4,999 रुपये वाले इस फोन में आपको बहुत कुछ मिलता है।
- Lenovo Ego Review : क्या फुल पैसा वसूल है 1,999 रुपये वाली यह स्मार्टवॉच
- Amazfit Verge Lite Review: क्या खरीदने लायक है कम कीमत में प्रीमियम फीचर वाला यह स्मार्टवॉच
- Samsung Galaxy Tab S5e Review: क्या सच में यह एक शानदार टैबलेट है?
- TECNO PHANTOM 9 Review : ट्रिपल रियर कैमरा, डुअल एलईडी फ्रंट फ्लैश और क्या खास है इस फोन में