iQoo Neo सीरीज का पहला फोन जल्द होगा भारत में लॉन्च, जानें फीचर्स
iQoo Neo 6 को चीन में स्नैपड्रैगन 8 Gen 1 प्रोसेसर और 120Hz रिफ्रेश रेट वाली एमोलेड डिस्प्ले के साथ लॉन्च किया गया है।

विस्तार
iQoo Neo 6 की लॉन्चिंग भारत में होने वाली है। कहा जा रहा है कि iQoo Neo सीरीज का यह पहला फोन होगा जिसे भारत में लॉन्च किया जा रहा है। iQoo Neo 6 इससे पहले चीन में लॉन्च हो चुका है, हालांकि भारत में इसे अलग स्पेसिफिकेशन के साथ लॉन्च किया जाएगा। बता दें कि iQoo Neo 6 को चीन में स्नैपड्रैगन 8 Gen 1 प्रोसेसर और 120Hz रिफ्रेश रेट वाली एमोलेड डिस्प्ले के साथ लॉन्च किया गया है।
चीन में iQoo Neo 6 के 8 जीबी रैम के साथ 128 जीबी स्टोरेज की कीमत 2,799 चीनी युआन यानी करीब 33,500 रुपये है, वहीं 8 जीबी रैम के साथ 256 जीबी स्टोरेज की कीमत 2,999 चीनी युआन यानी करीब 35,900 रुपये है। फोन के 12 जीबी रैम के साथ 256 जीबी स्टोरेज की कीमत 3,299 चीनी युआन यानी करीब 39,400 रुपये है। टिप्सटर मुकुल शर्मा के मुताबिक भारतीय बाजार में iQoo Neo 6 की कीमत 30,000 से 35,000 रुपये के बीच होगी। iQoo Neo 6 को ब्लू और ऑरेंज कलर में लॉन्च किया जाएगा।
iQoo Neo 6 को चीन में एंड्रॉयड 12 आधारित OriginOS Ocean के साथ लॉन्च किया गया है। इसमें 6.62 इंच की फुल एचडी प्लस एमोलेड डिस्प्ले है जिसका रिफ्रेश रेट 120Hz है। फोन में स्नैपड्रैगन 8 Gen 1 प्रोसेसर के साथ 12 जीबी LPDDR5 रैम है। भारतीय वेरियंट में रैम और प्रोसेसर में बदलाव देखने को मिल सकता है।
कैमरे की बात करें तो फोन में तीन रियर कैमरे हैं जिनमें प्राइमरी लेंस 64 मेगापिक्सल का Samsung ISOCELL Plus GW1P सेंसर है। इसके साथ ऑप्टिकल इमेज स्टेबलाइजेशन भी है। दूसरा लेंस 12 मेगापिक्सल का अल्ट्रा वाइड और तीसरा लेंस 2 मेगापिक्सल का मोनोक्रोम सेंसर है। फ्रंट में 16 मेगापिक्सल का कैमरा दिया गया है।
iQoo Neo 6 के साथ 256 जीबी तक की UFS 3.1 स्टोरेज है। कनेक्टिविटी के लिए फोन में 5G, 4G LTE, Wi-Fi 6, ब्लूटूथ v5.2, GPS/ A-GPS, NFC और USB टाईप-सी पोर्ट है। फोन में इन-डिस्प्ले फिंगरप्रिंट सेंसर भी है। फोन में डुअल सेल 4700mAh की बैटरी है जिसके साथ 80W की Flash चार्जिंग का सपोर्ट है।