सिंगल रियर कैमरा होने के बावजूद इस फोन ने फोटोग्राफी में Pixel 2 को हराया

आजकल स्मार्टफोन में फोटोग्राफी को लेकर ट्रेंड चल रहा है। अब लोग कैमरे के बजाय फोन से ही अच्छी फोटो क्लिक कर रहे हैं और मांग को देखते हुए स्मार्टफोन निर्माता कंपनियां भी अपने फोन को शानदार कैमरे के साथ लांच कर रही हैं। ऐप्पल के नए स्मार्टफोन iPhone XR ने फोटोग्राफी में गूगल के पिक्सल 2 स्मार्टफोन को हरा दिया है। इसका खुलासा फोटो क्वालिटी के लिए रेटिंग जारी करने वाली वेबसाइट DxOMark की रिपोर्ट से हुआ है।
DxOMark ने अपनी रिपोर्ट में आईफोन एक्सआर को फोटोग्राफी में 103, वीडियो में 96 और कुल 101 नंबर दिए हैं। DxOMark ने सिंगल लेंस वाले बेहतरीन कैमरा फोन की लिस्ट में iPhone XR को पहले पायदान पर रखा है, हालांकि यहां गौर करने वाली बात यह है कि इस वेबसाइट ने अभी तक गूगल पिक्सल 3 का रिव्यू पब्लिश नहीं किया है। बता दें कि गूगल पिक्सल 3 और पिक्सल 3 एक्सएल दोनों फोन में सिंगल लेंस कैमरा है।
ये भी पढ़ेः आपके फोन में हैं ये 11 चाइनीज ऐप तो तुरंत डिलीट करें, हो सकता है बड़ा नुकसान
स्पेसिफिकेशन की बात करें तो iPhone XR में 12 मेगापिक्सल का 1/2.55 रियर कैमरा सेंसर है। इसमें 1.4 माइक्रोन पिक्सल है और इसका अपर्चर f/1.8 है। साथ ही कैमरे में ऑप्टिकल इमेज स्टेबलाइजेशन (OIS), फेज डिटेक्शन ऑटो फोकस और डुअल टोन क्वॉड एलडई फ्लैश लाइट है।
iPhone XR ने स्टिल फोटो में 103 स्कोर किया है। वहीं एक्सपोजर और कॉन्ट्रास्ट में 90, कलर में 82 और ऑटोफोकस में 99 स्कोर मिला है। वहीं लो लाइट के लिए वेबसाइट ने आईफोन एक्सआर को बहुत ही अच्छा बताया है। कहा जा रहा है कि आईफोन एक्सआर का फ्लैश आईफोन एक्सएस मैक्स से बढ़िया है। कैमरे का जूम और बोकेह इफेक्ट भी शानदार है।