iPhone X का टेस्ला मॉडल हुआ लॉन्च, चार्जिंग के लिए लगा है सोलर पैनल, कीमत 3 लाख रुपये से ज्यादा

अभी तक तो आपने गोल्ड कवर के साथ करोड़ों रुपये वाले स्मार्टफोन देखे हैं लेकिन अब सोलर पैनल वाला स्मार्टफोन भी बाजार में आ गया है। इस बार आईफोन x का टेस्ला मॉडल बाजार में आया है जिसमें चार्जिंग के लिए सोलर पैनल दिया गया है। iPhone X के इस खास टेस्ला मॉडल को रूस की फोन एसेसरीज निर्माता कंपनी कैवियर ने तैयार किया है।
iPhone X के इस मॉडल की खासियत यह है कि यह सौर ऊर्जा से चार्ज होगा। इस मॉडल को कैवियर ने iPhone X टेस्ला नाम दिया है। इस आईफोन के पैनल पर सोलर प्लेट लगाए गए हैं जिनकी मदद से फोन चार्ज होता है। इस खास मॉडल के कीमत की बात करें तो इसकी कीमत 4,590 अमेरिकी डॉलर यानि करीब 3,12,051 रुपये है।
iPhone X के टेस्ला मॉडल में सोलर बैटरी लगी है जो कि रौशनी से चार्ज होती है। इसके लिए आपको फोन को धूप में रखने की जरूरत नहीं है। वहीं बिजनेस इनसाइडर की एक रिपोर्ट की मानें तो इस मॉडल का पहला फोन स्पेस एक्स और टेस्ला के सीईओ ऐलन मस्क को भेजा गया है। हालांकि यह साफ नहीं है कि फोन का नाम टेस्ला रखने के लिए मस्क ने हामी भरी है या नहीं।