Flipkart Sale: अपने आप क्यों कैंसिल हो रहे ऑर्डर, पढ़ें कंपनी ने क्या कहा?
यूजर्स का कहना है कि फ्लिपकार्ट सेल के नाम पर धोखाधड़ी कर रहा है और सिर्फ मार्केटिंग के लिए फर्जी सेल दिखाकर लोगों को परेशान कर रहा है। कई यूजर्स ने इसके लिए फ्लिपकार्ट पर कार्रवाई की मांग भी की है।

विस्तार
ई-कॉमर्स वेबसाइट अमेजन और फ्लिपकार्ट की फेस्टिवल सेल 23 सितंबर से जारी है। इस सेल में ग्राहकों को आईफोन के लेटेस्ट मॉडल के साथ आईफोन 13 पर भी शानदार ऑफर्स मिल रहे हैं। सेल के दौरान iPhone 13 की दनादन बिक्री भी हुई। कई ग्राहकों ने 70 हजार कीमत के आईफोन 13 को सेल में 42,619 रुपये की कम कीमत पर भी खरीदा। लेकिन अब ग्राहक आईफोन के ऑर्डर के कैंसिलेशन से परेशान हैं। यूजर्स लगातार इसको लेकर शिकायत कर रहे हैं कि फ्लिपकार्ट उनके ऑर्डर को बिना बताए ही कैंसिल कर रहा है।
फ्लिपकार्ट ने दिया ये जवाब
जब अमर उजाला ने फ्लिपकार्ट से इस संबंध में बात की तो फ्लिपकार्ट के प्रवक्ता ने कहा, हम ग्राहकों के पसंद को सुरक्षित रखने के लिए हमेशा प्रयास करते हैं। हमने देशभर के लगभग 70 फीसदी आईफोन ऑर्डर की डिलीवरी कर दी है और बाकी की डिलीवरी भी की जा रही है। केवल 3 फीसदी ऑर्डर ही किसी कारणवश सेलर द्वारा कैंसिल किए गए हैं।
बता दें कि फिलहाल आईफोन 13 (128 जीबी) अमेजन और फ्लिपकार्ट दोनों पर ही आउट ऑफ स्टॉक है। आईफोन सिर्फ आउट ऑफ स्टॉक ही नहीं हुए बल्कि फ्लिपकार्ट से जिन यूजर्स ने आईफोन 13 (128 जीबी) को ऑर्डर किया था उनमें से कई यूजर्स के ऑर्डर अपने आप ही कैंसिल हो गए हैं। इसके बाद कई यूजर्स ने ट्विटर पर फ्लिपकार्ट की आलोचना भी की। हालांकि, एपल ने अब तक इस मॉडल के स्टॉक आउट होने को लेकर कोई जानकारी नहीं दी है। बता दें कि iPhone 13 में तीन स्टोरेज वेरियंट मिलते हैं, जिनमें 128 जीबी, 256 जीबी और 512 जीबी स्टोरेज वेरियंट शामिल हैं।
यूजर्स का कहना है कि फ्लिपकार्ट सेल के नाम पर धोखाधड़ी कर रहा है और सिर्फ मार्केटिंग के लिए फर्जी सेल दिखाकर लोगों को परेशान कर रहा है। कई यूजर्स ने इसके लिए फ्लिपकार्ट पर कार्रवाई की मांग भी की है। आईफोन 13 को खरीदने वाले कई यूजर्स ने सोशल मीडिया पर फ्लिपकार्ट की अपने रिफंड और कैंसिलेशन को लेकर भी शिकायत की है।