रिव्यू इंटेक्स इंफी 33: कम कीमत में फेस अनलॉक, पोट्रेट मोड के साथ टेस्ट बदलने की शानदार कोशिश

भारतीय मोबाइल निर्माता कंपनी इंटेक्स ने जुलाई में भारत में दो नए स्मार्टफोन को पेश किए थे जिनमें इंटेक्स इंफी 33 और इंफी 3 शामिल हैं। इन दोनों स्मार्टफोन में कंपनी ने पहली बार फुल व्यू डिस्प्ले दिया है। इनमें से रिव्यू के लिए हमें इंटेक्स इंफी 33 मिला था जिसे हमने 20 दिनों तक इस्तेमाल किया है। इस एंट्री लेवल स्मार्टफोन में फेस अनलॉक जैसे खास फीचर्स दिए गए हैं। तो आइए देखते हैं यह फोन आपकी जरूरतों को पूरा करता है या नहीं।

Intex Infie 33 की स्पेसिफिकेशन और कीमत
इस फोन में डुअल 4जी सिम सपोर्ट दिया गया है, हालांकि एक बार में एक ही सिम 4जी वीओएलटीई को सपोर्ट करेगा। इसके अलावा फोन में एंड्रॉयड नूगट 7.0 आधारित इंटेक्स यूआई दिया गया है। इंटेक्स इंफी 33 में 5.34 इंच की फुल व्यू FWVGA+ डिस्प्ले है जिसका रिजॉल्यूशन 480x960 पिक्सल और आस्पेक्ट रेशियो 18:9 है। फोन में 1.3GHz का क्वॉडकोर प्रोसेसर है, हालांकि कंपनी ने यह नहीं बताया है कि प्रोसेसर मीडियाटेक, स्प्रीडट्रम या स्नैपड्रैगन में से किस कंपनी का है। इंटेक्स इंफी 33 में 1 जीबी रैम और 8 जीबी की इनबिल्ट स्टोरेज है जिसे 128 जीबी तक बढ़ाया जा सकेगा। फोन में एलईडी फ्लैश लाइट के साथ 5 मेगापिक्सल का रियर और 5 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा दिया गया है। कैमरे के साथ फेस ब्यूटी, फेस क्यूट, वाटरमार्क, बोकेह इफेक्ट जैसे फीचर्स मिलेंगे, हालांकि वाटरमार्क आप अपने हिसाब से नहीं लिख सकते। पहले से ही समय व तारीख, शनिवार, आई एम वेटिंग जैसे 15 वाटरमार्क्स आपको मिलेंगे। कनेक्टिविटी के लिए फोन में 4G VoLTE, वाई-फाई, ब्लूटूथ, जीपीएस, माइक्रो-यूएसबी और 3.5एमएम का हेडफोन जैक है। फोन में 3000mAh की बैटरी मिलेगी। कीमत की बात करें तो इंटेक्स इंफी 33 की कीमत 5,049 रुपये है और यह फोन ब्लैक, ब्लू और शैंपेन कलर वेरियंट में मिलेगा।

डिस्प्ले और डिजाइन
इंटेक्स इंफी 33 की डिस्प्ले और डिजाइन की बात करें तो फोन को हाथ में लेने में कोई परेशानी नहीं होती है और एक हाथ नोटिफिकेशन को कंट्रोल किया जा सकता है। ब्राइटनेस का स्तर बढ़िया है लेकिन धूप में थोड़ी दिक्कत होती है। ब्राइटनेस की लेवल को 50 प्रतिशत से ऊपर करना पड़ता है। डिस्प्ले में रंगो का मिश्रण शानदार तो नहीं लेकिन ठीक-ठाक है। वीडियो और फिल्म देखने में कोई परेशानी नहीं होती है। जहां तक डिजाइन का सवाल है तो सबसे ऊपर माइक्रो यूएसबी पोर्ट और 3.5एमएम का हेडफोन जैक है। फोन के पीछे सबसे नीचे स्पीकर है और एक स्पीकर फ्रंट में कैमरे के बगल में है। सिम कार्ड लगाने के लिए बैक कवर को हटाना होगा, हालांकि आप बैटरी को नहीं निकाल सकते। दो सिम कार्ड स्लॉट के अलावा एक मेमोरी कार्ड स्लॉट भी दिया गया है। पावर, वॉल्यूम अप और वॉल्यूम डाउन तीनों बटन एक साथ बायीं ओर दिए गए हैं। फोन में होम, बैक और मिनिमाइज के लिए फिजिकल बटन नहीं दिया गया है। बैक जाने या किसी गेम या एप से बाहर आने के लिए आपको ऊपर की ओर स्वैप करना होगा तब आपको तीन बटन नजर आएंगे।

कैमरा परफॉर्मेंस
आजकल बोकेह इफेक्ट यानि फोटो के बैकग्राउंड को धुंधला करने का ट्रेंड चल रहा है। फोन खरीदने जाने वाला हर एक शख्स सबसे पहले यही पूछता है कि इस फोन में बोकेह इफेक्ट या पोट्रेट मोड है या नहीं। लोगों की इस मांग को देखते हुए मोबाइल निर्माता कंपनियां भी सिंगल रियर और फ्रंट कैमरे के साथ भी पोट्रेट मोड देने लगी है। इंटेक्स ने भी इस फोन में 5 मेगापिक्सल के रियर और फ्रंट कैमरे दिए हैं और दोनों कैमरे के साथ आपको पोट्रेट इफेक्ट मिलता है। दोनों कैमरे के परफॉर्मेंस की बात करें तो जूम का लेवल बढ़िया है और फोटो की क्वालिटी भी फोन की कीमत के लिहाज से ठीक-ठाक है।



खास बात यह है कि इंटेक्ट इस एंट्री लेवल स्मार्टफोन में भी स्लो मोशन, टाइम लैप्स वीडियो रिकॉर्डिंग का विकल्प दिया है, हालांकि खास बात यह है कि यह फोन तो एचडी नहीं है लेकिन आप इससे एचडी वीडियो जरूर रिकॉर्ड कर सकते हैं। वीडियो रिकॉर्डिंग में भी आपको फोटो की तरह वाटरमार्क, पैनोरमा और ब्यूटी मोड मिलता है। कैमरे के साथ आपको ब्यूटी, क्यूट फेस, बोकेह और नाइट मोड जैसे फीचर्स मिलते हैं। इसके अलावा कैमरे में आपको स्टीकर्स भी मिलते हैं जिनकी मदद से आप फोटो और खूबसूरत और फनी बना सकते हैं।

रिव्यू के दौरान हमने इंटेक्स इंफी 33 से कई सारी फोटो भी क्लिक किए। हमने बोकेह इफेक्ट का भी इस्तेमाल किया। बोकेह इफेक्ट उतना परफेक्ट तो काम नहीं करता है लेकिन आप जितने हिस्से को धुंधला करना चाहते हैं उसे आसान से कर सकते हैं। कम रौशनी और धूप में फोटो अच्छी आती है लेकिन फोटो में रंगों को मिश्रण पूरी तरह से परफेक्ट नहीं आता है। फ्रंट कैमरे के साथ दिया गया फेस अनलॉक फीचर ठीक-ठाक काम करता है और खास बात यह है कि एमआई ए1की तरह आपको फेस से अनलॉक करने के बाद डिस्प्ले पर स्वैप नहीं करना पड़ता है। फोन के सामने चेहरा करने पर 1 हाथ यानि 18 इंच की दूरी से इंटेक्स इंफी 33 आपके चेहरे को पहचान लेता है। दोनों कैमरे के साथ दी गई फ्लैश लाइट्स रात में फोटो क्लिक करने में काफी मदद करती हैं।


ओवरऑल परफॉर्मेंस
अब सवाल यह है कि कुल मिलाकर इंटेक्स इंफी 33 कितने काम का स्मार्टफोन है तो आपको बता दें कि वैसे तो इस फोन में आपको 1 जीबी ही रैम मिलती है लेकिन पहले से फेसबुक, अमेजन, जेंडर और यूसी न्यूज जैसे कई सारे एप मिलते हैं। ऐसे में आपको ज्यादा एप डाउनलोड नहीं करना पड़ेगा तो आपकी स्टोरेज भी बचेगी। एक बात हमें समझ में नहीं आई कि इंटेक्स ने इस एंट्री लेवल फोन में गेमलॉफ्ट का बब्बल बैश 3 गेम जैसा हैवी गेम क्यों दिया है। इस गेम को हमने कई बार ओपन करने की कोशिश की लेकिन यह नहीं खुला। इस गेम को खेलने का हमारा सपना अधूरा ही रह गया। हालांकि टेंपल रन जैसे गेम को खेलने में कोई परेशानी नहीं होती है।

फोन में 3000 एमएएच की बैटरी दी गई है जिसे फुल चार्ज करने में पूरे 3 घंटे का वक्त लगता है और जाहिर सी बात है कि 5 हजार रुपये के स्मार्टफोन में आपको फास्ट चार्जिंग तो मिलेगा नहीं। वैसे दिनभर इंटरनेट से कनेक्ट होने और कुछ वीडियो देखने के बाद भी बैटरी पूरे दिन साथ देती है। वहीं अगर आप केवल कॉलिंग के लिए इसका इस्तेमाल करते हैं तो बैटरी ढाई दिन तक आपका साथ दे सकती है। कुल मिलाकर सकते हैं कि इंटेक्स इंफी 33 की बैटरी आपको निराश नहीं करेगी।
फोन की ऑडियो क्वालिटी शानदार है और हेडफोन पर भी बात करने में कोई दिक्कत नहीं होती है। फोन के साथ एक इयरफोन और दो टैंपर्ड ग्लास आपको फ्री में मिलेंगे। फोन में दो व्हाट्सएप और दो एप एक साथ इस्तेमाल करने के लिए एप क्लोन नाम एक एप दिया गया है यानि इस फोन में आप दो फेसबुक, दो इंस्टाग्राम एक साथ इस्तेमाल कर सकते हैं। स्क्रीनशॉट लेने के लिए कंपनी ने इस फोन के नोटिफिकेशन पैनल में एक बटन दिया है। साथ ही एप को लॉक करने के लिए आपको फोन में पहले से इंस्टॉल्ड आपको सुपर एपलॉक नाम से एक मिलता है। इसके अलावा एक और खास फीचर फ्रीजर दिया गया है जिसमें आप इस्तेमाल ना होने वाले एप को रख सकते हैं। अगर आप किसी ऐसे स्मार्टफोन की तलाश में हैं जो आपका पहला स्मार्टफोन बनने वाला है और साथ ही आपको फेस अनलॉक जैसे नए फीचर्स चाहिए तो आप 5,049 रुपये वाले इंटेक्स इंफी 33 की ओर एक बार देख सकते हैं। यह फोन आपको निराश नहीं करेगा।