Huawei India Returns: भारत में वापसी की तैयारी में हुवावे, ई-कॉमर्स साइट पर दिखा कंपनी के इस गैजेट का टीजर

Suyash Pandey
ऑटो डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्लीSuyash Pandey
Mon, 16 Mar 2026 03:17 PM IST
सार

Huawei Tablet India Launch:

भारतीय स्मार्टफोन बाजार से लंबे समय तक गायब रहने के बाद हुवावे वापसी करती नजर आ रही है। फ्लिपकार्ट पर जारी एक नए टीजर से पता चलता है कि कंपनी जल्द ही अपना नया टैबलेट लॉन्च करेगी, जो संभवतः मेटपैड 11.5 हो सकता है। अगर ये टैबलेट वही हुआ जो हम अंदाजा लगा रहे हैं तो क्या होंगी इसकी खासियतें आइए जानते हैं।

Huawei Set to Return to the Indian Market With Likely the MatePad 11.5
जल्द ही भारत में नई डिवाइस लॉन्च कर सकता है हुवावे - फोटो : फ्लिपकार्ट

    विस्तार

    चीनी टेक दिग्गज हुवावे एक बार फिर भारतीय गैजेट बाजार में हलचल मचाने को तैयार है। लंबे समय से भारत में कोई बड़ा प्रोडक्ट लॉन्च न करने वाली इस कंपनी ने अब ई-कॉमर्स साइट फ्लिपकार्ट पर एक नए डिवाइस का टीजर जारी किया है। शुरुआती टीजर से साफ इशारा मिल रहा है कि यह डिवाइस एक शानदार टैबलेट होने वाला है।

    फ्लिपकार्ट टीजर में क्या है खास?

    फ्लिपकार्ट पर हुवावे के इस नए प्रोडक्ट के लिए एक खास पेज लाइव हो गया है, जहां 'हैंडी ऑल राउंडर' टैगलाइन के साथ 'कमिंग सून ऑनली ऑन फ्लिपकार्ट' लिखा हुआ है। सामने आई टीजर इमेज की रूपरेखा को ध्यान से देखें तो यह डिवाइस साफ तौर पर एक टैबलेट जैसा नजर आता है। इसमें कीबोर्ड को अलग और जोड़ने की सुविधा (डिटैचेबल कीबोर्ड) दी गई है। इसके अलावा, इसके बैक पैनल पर पिल-शेप (गोली के आकार का) कैमरा मॉड्यूल भी झलक रहा है। डिजाइन और इन सभी फीचर्स के हिंट को देखकर टेक एक्सपर्ट्स अनुमान लगा रहे हैं कि यह टैबलेट कंपनी की मशहूर 'मेटापैड' सीरीज का हिस्सा हो सकता है और संभवतः यह हुवावे मेटापैड 11.5 मॉडल ही है।

    हुवावे मेटापैड 11.5 के संभावित फीचर्स

    अगर भारत में लॉन्च होने वाला यह डिवाइस ग्लोबल मार्केट में मौजूद मेटापैड 11.5 ही है, तो यूजर्स को इसमें कई दमदार स्पेसिफिकेशन्स देखने को मिल सकते हैं। इस टैबलेट में 2K रिजॉल्यूशन और हाई रिफ्रेश रेट सपोर्ट के साथ 11.5-इंच की शानदार LCD डिस्प्ले मिल सकती है। ये गेमिंग और स्क्रॉलिंग के अनुभव को बेहद स्मूद बनाएगी। इतनी बड़ी स्क्रीन और फास्ट चार्जिंग को सपोर्ट करने वाली करीब 10,000mAh की दमदार बैटरी होने के बावजूद, इसका डिजाइन काफी हल्का और पतला है और इसका वजन सिर्फ 500 ग्राम के आसपास है। चूंकि टैबलेट का मुख्य इस्तेमाल वीडियो कॉलिंग, ऑनलाइन क्लासेज और ऑफिस के काम के लिए होता है। ऐसे में यह डिवाइस भारतीय स्टूडेंट्स और बड़ी स्क्रीन पर एंटरटेनमेंट या मल्टीटास्किंग चाहने वाले प्रोफेशनल्स के लिए एक बेहतरीन विकल्प साबित हो सकता है।

    क्यों अहम है हुवावे की यह वापसी?

    हुवावे कभी भी भारत से पूरी तरह गायब नहीं हुई थी। कंपनी यहां अपनी स्मार्टवॉच और वियरेबल डिवाइस लगातार बेच रही है। हालांकि, ग्लोबल लेवल पर लगे प्रतिबंधों और गूगल सर्विसेज के सपोर्ट की कमी के चलते इनके स्मार्टफोन और टैबलेट आने बंद हो गए थे। भारत में कंपनी का आखिरी टैबलेट हुवावे मेटापैड T8 था, जो साल 2020 में आया था। रिपोर्ट्स की मानें तो इस नए टैबलेट के साथ शुरुआत करने के बाद, हुवावे जल्द ही भारत में नए स्मार्टफोन, वायरलेस ईयरबड्स, लैपटॉप और स्मार्टबैंड भी लॉन्च कर सकती है।

    Login or Signup
    अपना शहर चुनें