Huawei MediaPad M5 Lite 10 की प्री-बुकिंग हुई शुरू, जानें कीमत और स्पेसिफिकेशन
Huawei MediaPad M5 Lite 10 की प्री-बुकिंग हुई शुरूइस टैबलेट में मिलेगी 10.1 इंच की डिस्प्ले और 7500mAh की बैटरी

विस्तार
हुवावे (Huawei) के लेटेस्ट मीडियापैड एम 5 लाइट 10 (Huawei MediaPad M5 Lite 10) टैबलेट की प्री-बुकिंग भारत में शुरू हो गई है। ग्राहक इस टैबलेट को फ्लिपकार्ट, क्रोमा और कंपनी की आधिकारिक साइट से प्री-बुक कर सकेंगे। इसके अलावा ग्राहकों को इस टैबलेट की प्री-बुकिंग करने पर आकर्षक ऑफर्स और डिस्काउंट मिल सकते हैं। बता दें कि कंपनी ने मीडियापैड एम 5 लाइट 10 को कुछ दिनों पहले ही लॉन्च किया था। तो आइए जानते हैं हुवावे के लेटेस्ट टैबलेट की कीमत और स्पेसिफिकेशन के बारे में...
हुवावे ने इस नए टैब की कीमत 22,990 रुपये रखी है। इसके साथ ही ग्राहकों को इस टैब की खरीदारी करने पर शानदार ऑफर्स मिलेंगे।
फीचर्स की बात करें तो इसमें एम पेन लाइट स्टाइलस का सपोर्ट मिलेगा। इसके अलावा इसमें 10.1 इंच की फुल एचडी आईपीएस डिस्प्ले दी गई है जिसका रिजॉल्यूशन 1920x1200 पिक्सल है। इस टैब में हर्मन कार्डन का क्वॉड स्पीकर दिया गया है जिससे यूजर्स को ओमिनी डायरेक्शनल साउंड मिलेगा। कंपनी ने टैब की ऑडियो क्वालिटी को लेकर थियेटर साउंड का दावा किया है।
यूजर्स को 3डी साउंड भी मिलेगा। अन्य फीचर्स की बात करें तो मीडियापैड एम5 लाइट 10 की बॉडी मेटल की है और इसमें 2.5डी कर्व्ड ग्लास एज दिया गया है। इसमें 7500mAh की बैटरी है जिसे लेकर कंपनी ने 13 घंटे के वीडियो प्लेबैक का दावा किया है। टैब में फास्ट चार्जिंग का सपोर्ट है और इसके लिए कंपनी बॉक्स में 18 वॉट का चार्जर देगी।
टैब के साथ मेटल बॉडी वाला M-Pen lite स्टाइलस भी मिलेगा। टैब में कनेक्टिविटी के लिए वाई-फाई के अलावा एलटीई का भी सपोर्ट दिया गया है। इसमें ब्लूटूथ 4.2 मिलेगा। इस टैब में ऑक्टाकोर Kirin 659 प्रोसेसर, फिंगरप्रिंट सेंसर, 8 मेगापिक्सल का फ्रंट और रियर कैमरा दिया गया है। इस टैब में 4 जीबी रैम और 64 जीबी की स्टोरेज मिलेगी। टैब में एंड्रॉयड 8.0 आधारित EMUI 8.0 मिलेगा।