Honor का पहला लैपटॉप जल्द होगा भारत में लॉन्च, फिंगरप्रिंट सेंसर से लैस है पावर बटन

मोबाइल निर्माता कंपनी HONOR जल्द ही भारतीय लैपटॉप बाजार में एंट्री मारने वाली है। ऑनर ने भारत में लैपटॉप की लॉन्चिंग के लिए ई-कॉमर्स साइट फ्लिपकार्ट से साझेदारी की है। इस साझेदारी के तहत HONOR MagicBook 15 जल्द भारत में 31 जुलाई को लॉन्च होगा। भारतीय लैपटॉप मार्केट में ऑनर का मुकाबला शाओमी, एचपी, डेल और लेनोवो जैसी कंपनियों से होगा।
HONOR MagicBook 15 की बिक्री फ्लिपकार्ट से होगी। कंपनी का दावा है कि उसका लैपटॉप मल्टीटास्किंग यूजर्स के लिए परफेक्ट होगा। HONOR MagicBook 15 पहले ही ग्लोबल मार्केट में है और कंपनी के मुताबिक लोग इसे काफी पसंद भी कर रहे हैं। इस लैपटॉप में फास्ट चार्जिंग भी दी गई है।
इसके साथ 65वॉट का फास्ट चार्जर मिलेगा। इसमें यूएसबी टाइप सी चार्जिंग पोर्ट है। इस लैपटॉप में प्राइवेसी को ध्यान में रखते हुए पॉपअप कैमरा दिया गया है। इसके अलावा फिंगरप्रिंट वाला पावरबटन दिया गया है। लैपटॉप का वजन 1.53 किलोग्राम है।
Honor MagicBook 15 की स्पेसिफिकेशन
इस लैपटॉप में 15.60 इंच की डिस्प्ले मिलेगी जिसका रिजॉल्यूशन 1920x1080 पिक्सल होगा। इस लैपटॉप में AMD Ryzen 5 प्रोसेसर होगा जिसके साथ जुगलबंदी के लिए 8 जीबी रैम और 256 जीबी की एसएसडी स्टोरेज मिलेगी। इसमें 3 यूएसबी पोर्ट, एक यूएसबी 2.0, एक USB 3.0 और एक USB 3.1 पोर्ट है। साथ ही इसमें HDMI पोर्ट, हेडफोन और माइक जैके भी है। इसकी कीमत भारत में 40 हजार रुपये के करीब हो सकती है।