Honor की भारत में वापसी: बड़ी डिस्प्ले और दमदार प्रोसेसर के साथ लॉन्च किया नया टैबलेट, जानें कीमत
Honor Pad 8 को सिंगल ब्लैक कलर में पेश किया गया है। सेल में टैबलेट के 4 जीबी वेरियंट को 19,999 रुपये और 6 जीबी रैम वेरियंट को 21,999 रुपये की कीमत पर खरीदा जा सकेगा।

विस्तार
लंबे विराम के बाद 20 सितंबर यानी आज Honor ने भारत में वापसी कर ली है। कंपनी ने अपने Honor Pad 8 को भारत में लॉन्च कर दिया है। भारतीय बाजार से पहले इस टैब को ग्लोबली लॉन्च किया गया था। Honor Pad 8 को 12 इंच की LCD डिस्प्ले और Snapdragon 680 प्रोसेसर के साथ पेश किया गया है। डिस्प्ले के साथ 2K रिजॉल्यूशन का सपोर्ट मिलता है। साथ ही इसमें ब्लूटूथ v5.1 के साथ OTG का सपोर्ट मिलता है।
टैबलेट को सिंगल ब्लैक कलर में पेश किया गया है। Honor Pad 8 को दो रैम वेरियंट में लॉन्च किया गया है। इसके 4 जीबी रैम वेरियंट की कीमत 29,999 रुपये और 6 जीबी रैम वेरियंट की कीमत 31,999 रुपये रखी गई है। टैबलेट को 23 सितंबर से फ्लिपकार्ट बिग बिलियन डे 2022 में खरीदा जा सकेगा। सेल में टैबलेट के 4 जीबी वेरियंट को 19,999 रुपये और 6 जीबी रैम वेरियंट को 21,999 रुपये की कीमत पर खरीदा जा सकेगा।
Honor Pad 8 में 12 इंच की LCD डिस्प्ले मिलती है, जो 1200x2000 पिक्सल रिजॉल्यूशन और 87 फीसदी बॉडी टू स्क्रीन रेशियो के साथ आती है। लो लाइट और ब्लू लाइट के लिए इसे TUV Rheinland का सर्टिफिकेट मिला है। Honor Pad 8 में एंड्रॉयड 12 आधारित MagicUI 6.1 दिया गया है। Honor Pad 8 में ऑक्टाकोर स्नैपड्रैगन 680 प्रोसेसर के साथ 6 जीबी तक रैम और 128 जीबी तक स्टोरेज मिलती है। कैमरा सेटअप की बात करें तो Honor Pad 8 के साथ 5 मेगापिक्सल रियर कैमरा और 5 मेगापिक्सल फ्रंट कैमरे का सपोर्ट है।