HMD Vibe 2 5G भारत में हुआ लॉन्च: 11,000 रुपये से कम है कीमत, साथ मिलेगा देसी AI का दम!
HMD Vibe 2 5G Launched:
एचएमडी ने भारत में अपना नया किफायती 5जी स्मार्टफोन वाइब 2 लॉन्च कर दिया है। इस फोन में सर्वम एआई आधारित इंडस ऐप पहले से इंस्टॉल मिलेगा, जो 22 भाषाओं में बातचीत कर सकता है। बड़ी बैटरी, 120Hz डिस्प्ले और आकर्षक डिजाइन के साथ यह फोन बजट ग्राहकों को ध्यान में रखकर पेश किया गया है।

विस्तार
एचएमडी ग्लोबल (HMD Global) ने भारत में अपना नया बजट 5जी स्मार्टफोन HMD Vibe 2 5G लॉन्च कर दिया है। यह पिछले साल आए एचएमडी वाइब का अपग्रेड वर्जन है। कंपनी ने इस बार फोन में कई नए बदलाव किए हैं। इनमें सबसे खास सर्वम इंडस (Sarvam Indus) एआई एप है, जो फोन में पहले से इंस्टॉल मिलेगा।
कंपनी का कहना है कि यह फोन कम कीमत में बेहतर डिजाइन, बड़ी बैटरी और भारतीय एआई अनुभव देने के लिए तैयार किया गया है।
बेहतरीन और अनोखा डिजाइन
HMD Vibe 2 5G का डिजाइन पिछले मॉडल से काफी अलग नजर आता है। फोन के पीछे कैमरा मॉड्यूल पूरी चौड़ाई में फैला हुआ है। इसमें दो गोल कैमरा कटआउट दिए गए हैं। फोन के निचले हिस्से में चमकदार फिनिश वाला बड़ा आयताकार डिजाइन मिलता है, जो इसे अलग लुक देता है। कंपनी ने इसे कॉस्मिक लैवेंडर, नॉर्डिक ब्लू और पीच पिंक जैसे तीन रंगों में पेश किया है।
फोन में फ्लैट फ्रेम दिया गया है और किनारे पर फिंगरप्रिंट सेंसर भी मौजूद है। बजट श्रेणी को ध्यान में रखते हुए इसमें प्लास्टिक बैक और फ्रेम का इस्तेमाल किया गया है। हालांकि, 3.5 मिमी हेडफोन जैक अभी भी इसमें मौजूद है। फोन को धूल और हल्के पानी से बचाव के लिए आईपी64 रेटिंग भी मिली है।
फोन में मिलेगा भारतीय एआई का साथ
इस फोन की सबसे बड़ी खासियत सर्वम इंडस ऐप है। यह एप पहले से फोन में इंस्टॉल मिलेगा। कंपनी के अनुसार यूजर इससे 22 भारतीय भाषाओं में बातचीत कर सकेंगे। सर्वम एआई ने लॉन्च कार्यक्रम के दौरान बताया कि यह एप सर्वम-105बी मॉडल पर काम करता है, जिसे इसी साल पेश किया गया था। कंपनी का दावा है कि इससे जुड़ा सारा डाटा भारत में ही सुरक्षित रखा जाएगा।
यह भी पढ़ें: मार्केट में तहलका मचाने आया iQOO 15T: 8000mAh बैटरी और 200MP कैमरे से जीतेगा सबका दिल
फोन में संचार साथी एप (Sanchar Saathi) भी दिया गया है। हालांकि, कंपनी ने साफ किया है कि फोन सेटअप के दौरान यूजर चाहें तो इस एप को इंस्टॉल न करने का विकल्प चुन सकते हैं।
शानदार डिस्प्ले और परफॉर्मेंस
स्क्रीन की बात करें तो वाइब 2 में 6.7 इंच का बड़ा डिस्प्ले दिया गया है। यह एक एचडी प्लस एलसीडी (HD+ LCD) पैनल है। इसका रेजोल्यूशन 720x1600 पिक्सल है। स्मूथ विजुअल्स के लिए इसमें 120Hz का रिफ्रेश रेट दिया गया है। फोन को रफ्तार देने के लिए इसमें यूनिसोक T8200 5G (Unisoc T8200 5G) प्रोसेसर लगा है। यह प्रोसेसर 6 नैनोमीटर तकनीक पर बना है। मल्टीटास्किंग के लिए इसमें 4GB की LPDDR4x रैम दी गई है। स्टोरेज के मामले में आपको 128GB तक की जगह मिलेगी।
यह भी पढ़ें: Apple WWDC 2026: आ रहा है iOS 27 और सुपर-स्मार्ट Siri; एपल ने किया तारीखों का एलान
कैमरा, बैटरी और ऑपरेटिंग सिस्टम
फोटोग्राफी के लिए फोन के पिछले हिस्से पर 50 मेगापिक्सल का मुख्य कैमरा मौजूद है। वहीं, सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए 8 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा दिया गया है। फोन को लंबे समय तक चालू रखने के लिए 6,000mAh की एक बड़ी बैटरी दी गई है। यह 18 वॉट की फास्ट चार्जिंग को सपोर्ट करती है। अच्छी बात यह है कि 18 वॉट का चार्जर फोन के बॉक्स में ही मिल जाएगा। यह फोन लेटेस्ट एंड्रॉयड 16 (Android 16) पर काम करता है। कंपनी ने इसके साथ दो साल तक हर तिमाही सुरक्षा अपडेट देने का वादा किया है।
कीमत और बिक्री की जानकारी
HMD Vibe 2 5G की बिक्री 26 मई दोपहर 12 बजे से शुरू होगी। ग्राहक इसे फ्लिपकार्ट और कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट से खरीद सकेंगे। फोन के 4GB रैम और 64GB स्टोरेज मॉडल की कीमत 10,999 रुपये रखी गई है। वहीं 4GB रैम और 128GB स्टोरेज वाला मॉडल 11,999 रुपये में मिलेगा।
लॉन्च ऑफर के तहत ग्राहक 1,500 रुपये तक की छूट का फायदा उठा सकेंगे। इसके अलावा कंपनी छह महीने के लिए एक बार मुफ्त स्क्रीन रिप्लेसमेंट भी दे रही है।